साउथ इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार मामला भगवान हनुमान पर की गई उनकी टिप्पणी को लेकर है, जिसके खिलाफ दिल्ली और हैदराबाद में एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली में हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु सेना और हैदराबाद में राष्ट्रीय वन सेना के सदस्यों ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि राजामौली की टिप्पणी से हिंदू धर्म की भावनाएँ आहत हुई हैं।
विवाद तब शुरू हुआ जब राजामौली अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ के एक कार्यक्रम में आए। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी खराबी पर बात करते हुए उन्होंने कहा—
“मैं भगवान में विश्वास नहीं करता। लेकिन मेरे पिता आए और बोले कि भगवान हनुमान सब संभाल लेंगे। क्या वो ऐसे संभालते हैं? बस यही सोचकर मुझे गुस्सा आ रहा है।”
राजामौली के इस बयान को भगवान हनुमान पर तंज माना गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
यह पहला मौका नहीं है जब राजामौली किसी धार्मिक टिप्पणी को लेकर विवाद में आए हों। उनका 2011 का पुराना ट्वीट भी फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें भगवान राम पसंद नहीं और वह भगवान कृष्ण को ज्यादा पसंद करते हैं। इस पुराने बयान को भी लोग उनके खिलाफ नाराजगी का कारण बता रहे हैं।
उधर, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी एसएस राजामौली की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। उनकी नई फिल्म ‘वाराणसी’ में प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारे नजर आएँगे। फिल्म साल 2027 में रिलीज होने की तैयारी में है।
राजामौली, जो RRR और बाहुबली जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए विश्वभर में पहचाने जाते हैं, अब अपने बयान को लेकर कानूनी और सामाजिक दोनों मोर्चों पर घिरते हुए दिख रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel