राजस्थान के उदयपुर में इस बार गणेश चतुर्थी पर अनोखा नज़ारा देखने को मिला। उदयपुर के बापू बाजार में स्थित “उदयपुर चा राजा” के नाम से प्रसिद्ध गणपति का श्रृंगार इस बार 1 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों से किया गया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गणपति और पूरे पंडाल को सिर्फ नोटों से सजाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस विशेष श्रृंगार की तैयारी शहर के 30 व्यापारियों ने मिलकर की। हर साल यहां लाखों रुपए के नोटों से श्रृंगार किया जाता है, लेकिन इस बार इसे और भव्य रूप देते हुए करोड़ों रुपए के नोटों का इस्तेमाल किया गया।
श्रृंगार के बाद मंगलवार को बापू बाजार में हजारों की संख्या में भक्त गणपति के दर्शन करने पहुंचे। महाआरती के समय वहां का दृश्य किसी बड़े मेले जैसा लग रहा था। भक्तों ने श्रृंगार के साथ-साथ गणपति की महाआरती का भी आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि महाआरती और दर्शन के बाद करोड़ों रुपए के सभी नोट सुरक्षित रूप से वापस लौटा दिए गए। वहीं, शहरभर में इस अनोखे श्रृंगार की चर्चा रही और लोग इसे देखने दूर-दूर से पहुंचे।
गौरतलब है कि देशभर में गणेश चतुर्थी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है और अलग-अलग पंडालों में गणपति की भव्य सजावट की जाती है। उदयपुर का “उदयपुर चा राजा” हर साल खास श्रृंगार के लिए प्रसिद्ध रहता है, लेकिन इस बार करोड़ों रुपए के नोटों से श्रृंगार होने के कारण यह और भी ज्यादा सुर्खियों में है।