ओणम का त्योहार पारंपरिक व्यंजनों और खास तौर पर ओणम साद्य के बिना अधूरा माना जाता है। इस खास मौके पर अगर आप पारंपरिक मिठाई में कुछ नया स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो रॉयल क्रैनबेरी सेंवई पायसम एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। पारंपरिक दक्षिण भारतीय पायसम की मिठास में क्रैनबेरी का हल्का खट्टा-मीठा स्वाद इसे सामान्य पायसम से अलग बनाता है।
दूध, सेंवई और कंडेंस्ड मिल्क से तैयार होने वाला यह पायसम स्वाद में मलाईदार है। वहीं, क्रैनबेरी इसके स्वाद को एक आधुनिक ट्विस्ट देती है। काजू और किशमिश की सजावट इसे त्योहार के लिए और भी आकर्षक बनाती है। खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है और अपनी पसंद के अनुसार गर्म या ठंडा परोसा जा सकता है।
रॉयल क्रैनबेरी सेंवई पायसम के लिए सामग्री
पायसम तैयार करने के लिए 2 बड़े चम्मच घी, 10 से 12 काजू, 1 बड़ा चम्मच किशमिश, 1 कप सेंवई, 2 कप दूध, आधा कप मीठा कंडेंस्ड मिल्क और आधा कप क्रैनबेरी की जरूरत होगी। सजावट के लिए कुछ अतिरिक्त क्रैनबेरी, भुने हुए काजू और किशमिश रख सकते हैं।
कैसे बनाएं क्रैनबेरी सेंवई पायसम?
सबसे पहले एक गहरी और मोटे तले वाली कड़ाही को मध्यम आंच पर रखें और उसमें घी गर्म करें। घी गर्म होने के बाद काजू और किशमिश डालें। इन्हें लगातार चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक काजू हल्के सुनहरे और किशमिश फूल न जाएं। इसके बाद इन्हें अलग निकालकर रख सकते हैं।
अब उसी कड़ाही में सेंवई डालें और धीमी से मध्यम आंच पर भूनें। सेंवई का रंग हल्का सुनहरा होने और अच्छी खुशबू आने तक इसे चलाते रहें। इसके बाद दूध डालकर अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर सेंवई को तब तक पकाएं, जब तक वह पूरी तरह नरम न हो जाए।
कंडेंस्ड मिल्क देगा मलाईदार स्वाद
सेंवई अच्छी तरह पक जाने के बाद इसमें मीठा कंडेंस्ड मिल्क डालें और अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को धीमी आंच पर लगभग 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं। धीरे-धीरे पायसम गाढ़ा और मलाईदार होने लगेगा।
अब इसमें क्रैनबेरी डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। कुछ देर पकाने से क्रैनबेरी थोड़ी नरम हो जाएगी और उसका खट्टा-मीठा स्वाद पायसम में घुलने लगेगा। इसके बाद गैस बंद कर दें।
क्रैनबेरी, काजू और किशमिश से करें सजावट
तैयार पायसम को सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से अतिरिक्त क्रैनबेरी, भुने हुए काजू और किशमिश डालकर सजाएं। इसे अपनी पसंद के अनुसार गर्म परोस सकते हैं या कुछ समय फ्रिज में रखने के बाद ठंडा सर्व कर सकते हैं।
ओणम के पारंपरिक मेन्यू में यह क्रैनबेरी सेंवई पायसम एक अलग और आधुनिक स्वाद जोड़ सकता है। अगर इस बार मेहमानों और परिवार के लिए पारंपरिक मिठाई को नए अंदाज में पेश करना चाहते हैं, तो यह फ्यूजन रेसिपी आपके फेस्टिव मेन्यू का खास हिस्सा बन सकती है।
ओणम की हार्दिक शुभकामनाएं!
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel