मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच कारगिल से मानवता और एकजुटता की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। ईरान के लोगों की मदद के लिए यहां बड़े स्तर पर दान अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आम नागरिक बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों, गांवों और कारगिल शहर में आयोजित दान शिविरों में लोगों का उत्साह देखने लायक है। लोग नकद के साथ-साथ बर्तन, आभूषण, जानवर और यहां तक कि मोटरसाइकिल, कार और साइकिल जैसे वाहन भी दान कर रहे हैं।
1,25,000 रुपये में बिकी मुर्गी
इस अभियान के दौरान एक अनोखी घटना ने सभी का ध्यान खींचा। एक ग्रामीण ने दान शिविर में एक मुर्गी भेंट की, जिसकी मौके पर ही नीलामी कराई गई। नीलामी में स्थानीय निवासी ने इस मुर्गी को 1,25,000 रुपये की बड़ी राशि में खरीदा।
इस नीलामी से प्राप्त पूरी रकम ईरान के लोगों के लिए चल रहे राहत कार्यों में समर्पित कर दी गई। यह घटना न सिर्फ पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी, बल्कि अन्य लोगों को भी दान के लिए प्रेरित कर रही है।
हर वर्ग के लोग कर रहे सहयोग
कारगिल में चल रहे इस अभियान के तहत समाज के हर वर्ग के लोग अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुश्किल समय में ईरान के लोगों के साथ खड़ा होना उनका नैतिक दायित्व है।
समाजसेवियों और आयोजकों के अनुसार, इस तरह के अभियानों से न केवल राहत राशि जुटाई जा रही है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और मानवीय मूल्यों को भी मजबूती मिल रही है।
एक महीने से जारी संघर्ष
गौरतलब है कि इजरायल और अमेरिका के साथ ईरान का संघर्ष एक महीने से अधिक समय से जारी है। 28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 3000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों घर तबाह हो गए हैं।
इस स्थिति के चलते लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। ऐसे में भारत समेत कई देशों से लोग ईरान के लिए राहत सामग्री और आर्थिक मदद भेज रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel