केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार (30 दिसंबर 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सफल परीक्षण का वीडियो साझा किया। यह ट्रायल राजस्थान के कोटा–नागदा रेल खंड पर किया गया, जहाँ ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते हुए अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) की मौजूदगी में ट्रेन का ‘वॉटर टेस्ट’ भी किया गया।
रेल मंत्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के अंदर मोबाइल स्क्रीन पर स्पीड 182 किमी प्रति घंटे तक पहुँचती दिख रही है। इसके साथ ही एक-दूसरे के ऊपर रखे पानी से भरे गिलास बिना छलके स्थिर बने रहे। यह नज़ारा ट्रेन की बेहतरीन संतुलन क्षमता, स्मूद रनिंग और उन्नत सस्पेंशन सिस्टम का प्रमाण माना जा रहा है। अश्विनी वैष्णव ने लिखा कि यह परीक्षण नई पीढ़ी की वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अत्याधुनिक तकनीकी खूबियों को दर्शाता है।
Vande Bharat Sleeper tested today by Commissioner Railway Safety. It ran at 180 kmph between Kota Nagda section. And our own water test demonstrated the technological features of this new generation train. pic.twitter.com/w0tE0Jcp2h
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) December 30, 2025
भारतीय रेलवे के अनुसार, मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है, हालांकि व्यावसायिक संचालन में इनकी अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटा तक ही सीमित रहती है। अब स्लीपर संस्करण का सफल परीक्षण भविष्य की लंबी दूरी की तेज़ रेल यात्रा के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खासतौर पर रातभर की लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें एसी स्लीपर कोच, आरामदायक बर्थ, बेहतर सस्पेंशन, कम शोर और उन्नत सुरक्षा तकनीक शामिल होंगी। रेलवे मंत्रालय का मानना है कि यह ट्रेन तेज़ गति और अधिक आराम का बेहतरीन संयोजन पेश करेगी, जिससे यात्रियों का यात्रा समय काफी कम होगा।
रेल मंत्रालय ने बताया है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को जल्द ही एसी श्रेणी के यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा। शुरुआत में इन्हें व्यस्त और लंबी दूरी वाले रूट्स पर चलाया जाएगा और बाद में चरणबद्ध तरीके से अन्य मार्गों पर भी विस्तार किया जाएगा। मंत्रालय के अनुसार, यह पहल भारत में लंबी दूरी की रेल यात्रा की परिभाषा को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel