महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शारीरिक, मानसिक उत्पीड़न और ‘ट्रिपल तलाक’ देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उसका निकाह मैट्रिमोनियल वेबसाइट ‘शादी डॉट कॉम’ के माध्यम से तय हुआ था और 24 जनवरी 2022 को दोनों का विवाह संपन्न हुआ। शुरुआती कुछ महीने सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसे कभी बिहार तो कभी कनाडा ले जाकर प्रताड़ित किया।
नया व्यवसाय शुरू करने के नाम पर उससे मायके से पैसे लाने की मांग की गई, और पैसे न मिलने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक यातना दी गई। इतना ही नहीं, शादी में मिले लगभग 8 तोले सोने के आभूषण भी जबरन उतरवा लिए गए और अंततः उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता ने रिश्ते संभालने की कई कोशिशें कीं, लेकिन ससुराल पक्ष अडिग रहा। इसी बीच, पति की ओर से ‘तीन तलाक’ का एक पत्र कुरियर के माध्यम से भेजा गया, जिस पर उसके पति के हस्ताक्षर भी थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत ट्रिपल तलाक का मामला दर्ज किया है, साथ ही शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में आईपीसी की धारा 85 के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उजागर करती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel