ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग का आज तीसरा दिन है। दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार मिसाइलों और ड्रोन से हमले कर रहे हैं। इसी बीच ईरान ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दफ्तर को निशाना बनाया है।
ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने बयान जारी कर कहा कि उसने “ऑपरेशनल ट्रुथ प्रॉमिस-4” अभियान के तहत यह हमला किया।
अचानक मिसाइल हमलों का दावा
IRGC के मुताबिक इस ऑपरेशन के दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री के कार्यालय के साथ-साथ इजरायली एयरफोर्स कमांडर के घर को भी अचानक मिसाइल हमलों में निशाना बनाया गया। ईरानी बयान में बेंजामिन नेतन्याहू को “क्रिमिनल प्राइम मिनिस्टर” बताते हुए कहा गया कि यह हमला इजरायल की सैन्य और सरकारी संरचनाओं पर केंद्रित था।
सरकारी कॉम्प्लेक्स को बनाया निशाना
ईरान ने यह भी दावा किया कि उसके सफल मिसाइल हमलों ने “जायोनी शासन” के सरकारी कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया। हालांकि हमले से हुए नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ईरान ने कहा है कि इस ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य टकराव से पूरे मध्य-पूर्व में तनाव बढ़ गया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel