पीरियड्स किसको हो रहे हैं… वॉशरूम में नजर आए खून के दाग तो छात्राओं के अंडरगार्मेंट उतरवाकर हुई जाँच: मुंबई के स्कूल का मामला, प्रिंसिपल-अंटेंडेंट गिरफ्तार
मुंबई के ठाणे स्थित एक स्कूल की शर्मनाक घटना सामने आई है। स्कूल की छात्राओं ने स्कूल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि पीरियड (मासिक धर्म) का पता लगाने के लिए उनके कपड़े उतरवाए गए। ठाणे पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल और अटेंडेंट को बुधवार (9 जुलाई 2025) को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना ठाणे के शाहपुर जिले के आरएस दमानी स्कूल की है। ठाणे पुलिस ने बताया कि मंगलवार (8 जुलाई) को स्कूल के बाथरूम में खून के धब्बे मिले थे। जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने कक्षा 5 से 10वीं तक की छात्राओं को वाशरूम ले जाकर उनके कपड़े उतरवाए और पीरियड्स की जाँच की ताकि पता चल सके कि कौन-कौन सी छात्रा को पीरियड्स आ रहे हैं।

छात्राओं ने इसकी जानकारी अभिभावकों को दी, जिसके बाद स्कूल पहुँचकर अभिभावकों ने प्रदर्शन किया और महिला प्रिंसिपल और अटेंडेंट की गिरफ्तारी की माँग की थी। ठाणे पुलिस ने प्रिंसिपल और अटेंडेंट को गिरफ्तार करने के साथ चार शिक्षिकाओं और दो ट्रस्टियों पर भी मामला दर्ज किया है।