ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सुंदरपाड़ा इलाके में 27 जनवरी को हुए रहस्यमयी धमाके को लेकर नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर शहनवाज मलिक अपने घर की छत पर कथित तौर पर देसी बम तैयार कर रहा था, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।
CCTV फुटेज में क्या दिखा?
वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के तुरंत बाद छत पर धुआँ फैल जाता है और मौजूद लोग घबराकर नीचे भागने लगते हैं। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोग भी दहल उठे। एक महिला के कपड़ों में आग लग जाती है, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलसकर दर्द से कराहते हुए भागती नजर आती है। मौके पर मौजूद लोग पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।
बताया जा रहा है कि इस धमाके में शहनवाज मलिक खुद भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका फिलहाल इलाज जारी है।
NIA की एंट्री, टेरर एंगल की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर मिट्टी, मलबा और अन्य फॉरेंसिक सैंपल इकट्ठा किए हैं।
पुलिस के अनुसार शहनवाज मलिक एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ भुवनेश्वर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह किसी पुरानी रंजिश के चलते क्रूड बम तैयार कर रहा था। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही है कि उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कहाँ से आई।
सभी एंगल से जांच जारी
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ कर पूरे मामले की परतें खोली जाएंगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel