देश आज 26वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है और इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने द्रास में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्र के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हम उन नायकों के ऋणी हैं जिन्होंने भारत की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। जनरल द्विवेदी ने कहा कि आज हम टाइगर हिल, तोलोलिंग और प्वाइंट 4875 जैसे युद्धक्षेत्रों की भूमि पर खड़े होकर उन जांबाजों को नमन कर रहे हैं जिनकी वीरता और संकल्प ने हमें विजय दिलाई।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान का बड़ा बयान
“ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। तैयारी बहुत उच्च स्तर पर होनी चाहिए — 24×7, 365 दिन।”
Operation Sindoor | India | Pakistan | Indian Army pic.twitter.com/NL1qlLvx1E
— One India News (@oneindianewscom) July 25, 2025
इस मौके पर उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का भी उल्लेख किया, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। उन्होंने बताया कि जब सरकार ने सेना को खुली छूट दी, तो भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के 9 प्रमुख आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया—वो भी बिना किसी निर्दोष को नुकसान पहुँचाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत के साहस, क्षमता और नई रणनीतिक सोच का प्रतीक है।
जनरल द्विवेदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जो ताकतें भारत की संप्रभुता और अखंडता को चुनौती देंगी, उन्हें भविष्य में भी उसी तरह करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर हमारा संकल्प, संदेश और प्रतिक्रिया है”, और अब भारत का यह “नया सामान्य” है—यानी हम हर हमले का जवाब देंगे, और निर्णायक ढंग से देंगे।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सेना में नई ब्रिगेड की स्थापना की जा रही है, जिसमें मशीनीकृत पैदल सेना, बख्तरबंद इकाइयाँ, तोपखाना, रसद और विशेष बल शामिल होंगे। यह नई ताकत सीमाओं पर दुश्मनों को झटका देने के लिए हमेशा तैयार रहेगी और हमारी युद्ध क्षमता को कई गुना बढ़ाएगी।