पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों पर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि हमले में शामिल तीनों आतंकी पाकिस्तानी थे। ये वही आतंकी हैं जिन्हें भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए ऑपरेशन महादेव में मार गिराया गया था। हमले का मास्टरमाइंड सुलेमान शाह था, जिसका ऑपरेशनल नाम फैजल जट था और वह A++ कैटिगरी का आतंकी था। दूसरे आतंकी अबु हमजा का ऑपरेशनल नाम अफगान था और वह A-ग्रेड का कमांडर लेवल का आतंकी था। तीसरे आतंकी यासिर का ऑपरेशनल नाम जिब्रान था और वह भी A कैटिगरी का आतंकी कमांडर था।
सुरक्षा एजेंसियों को सुलेमान और अबु हमजा के पास से पाकिस्तानी वोटर आईडी कार्ड मिले, जिनमें उनके नाम लाहौर और गुजरांवाला की वोटर लिस्ट में दर्ज पाए गए। इसके अलावा, आतंकियों के पास से कराची की बनी चॉकलेट भी बरामद हुई और सैटेलाइट फोन पर मिले फिंगरप्रिंट और GPS लोकेशन से पहलगाम हमले में उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई।

ये आतंकी पीओके के रावलाकोट और कसूर के रहने वाले थे और 21 अप्रैल को बैसरन घाटी से दो किलोमीटर दूर तक पहुंचे थे। ऑपरेशन महादेव के दौरान बरामद हथियारों की बैलिस्टिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि यही हथियार पहलगाम हमले में इस्तेमाल हुए थे। साथ ही आतंकियों का DNA भी मैच किया गया, जिससे उनकी पहचान पुख्ता हुई।
ऑपरेशन महादेव जम्मू-कश्मीर में संचालित एक संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान था, जिसका मुख्य उद्देश्य 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जिम्मेदार आतंकियों का सफाया करना था। इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या हुई थी। ऑपरेशन के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान शाह समेत तीनों पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel