गुजरात तट के पास समुद्र में रहस्यमयी भंवर
गुजरात तट के पास समुद्र के सीने पर अचानक उबलते बुलबुले, मटमैला घूमता पानी और बीच समुद्र में बना एक विशाल घेरा दिखाई दिया। यह रहस्यमयी नजारा देखकर मछुआरों के होश उड़ गए। वीडियो सामने आने के बावजूद, घटना की वजह अब तक रहस्य बनी हुई है। गहरे समुद्र में तेजी से घूमते पानी और उबलते बुलबुलों ने सभी को दहशत में डाल दिया। यह घटना 11 जनवरी को सामने आई, जब वसई के पाचूबंदर की एक मछली पकड़ने वाली नाव इस खतरनाक प्रवाह की चपेट में आ गई।
नाव भंवर में फंसी, मछुआरों ने दिखाई सूझबूझ
कृष्णा मोरलीखांड्या की नाव ‘ओम नमः शिवाय’ तट से लगभग 66 नॉटिकल मील दूर मछली पकड़ने गई थी। अचानक मछुआरों ने देखा कि मटमैला पानी एक बड़े घेराव में तेजी से घूम रहा है और अंदर से उबलते पानी जैसा गुबार उठ रहा है। नाव कुछ देर के लिए इस भंवर में फंस गई, लेकिन मछुआरों ने इंजन की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह उस चक्रव्यूह से बाहर निकल आए। वीडियो में पानी के भीतर से उठते बुलबुले और तेज हलचल स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
एक हफ्ते बाद भी नहीं मिला जवाब
वीडियो सामने आने के एक सप्ताह बाद भी कोई सरकारी एजेंसी यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि समुद्र में यह अजीब घटना किस कारण हुई। स्थानीय मछुआरों में डर और अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।
प्रशासन का अनुमान: गैस रिसाव या भूगर्भीय हलचल
पालघर जिला आपदा प्रबंधन कक्ष के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना “असामान्य” है। प्रारंभिक अनुमान यह हैं कि समुद्र की गहराई में गैस का रिसाव हो रहा हो सकता है या किसी तरह की भूगर्भीय हलचल हो रही हो सकती है। इसके अलावा ONGC पाइपलाइन में लीकेज की संभावना भी बताई जा रही है। हालांकि ये सब केवल अनुमान हैं। फिलहाल समुद्री अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर उस क्षेत्र में यात्रा करने वाली नावों और जहाजों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मत्स्य विभाग के सहायक आयुक्त दिनेश पाटिल ने बताया कि मामले की जानकारी भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशियनोग्राफी (NIO) को दे दी गई है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि यह घटना भूकंप से जुड़ी नहीं है। NIO की प्रभारी मुख्य वैज्ञानिक डॉ. सोनिया सुकुमारन ने कहा कि इस घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए जियोफिज़िकल अध्ययन अनिवार्य है।
मछुआरों की मांग: “रहस्य सुलझाएं, डर खत्म करें”
रहस्यमयी समुद्री हलचल ने मछुआरों के मन में भय बैठा दिया है। उनकी मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस घटना का कारण पता लगाए और संभावित खतरों की निगरानी बढ़ाई जाए। इससे मछुआरों का डर खत्म होगा और समुद्री यात्रा सुरक्षित बनी रहेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel