उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा (50) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पिछले 48 घंटे में यह दूसरी और 11 दिनों में तीसरी हत्या है, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जिम से लौटते समय हुई फायरिंग
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1:15 बजे सिल्वर सिटी सिनेमा/मॉल के पास जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा पर तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना एसएसपी आवास से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार के अनुसार, मृतक उधमसिंह नगर जिले में स्टोन क्रशर का व्यवसाय करते थे। घटना के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
लगातार हत्याओं से बढ़ी दहशत
-
हाल ही में तिब्बती मार्केट के बाहर गैस एजेंसी मालिक की दिनदहाड़े हत्या हुई थी।
-
2 फरवरी को मच्छी बाजार में 22 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
-
अब सिल्वर सिटी मॉल के बाहर हुई फायरिंग ने शहर में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
लगातार बढ़ती घटनाओं से शहर में दहशत और पुलिस पर दबाव दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel