उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध कब्जों पर कार्रवाई तेज होती जा रही है। संभल जिले में कब्रिस्तान के पास अतिक्रमण हटाने के बाद अब प्रशासन ने चंदौसी इलाके में एक अवैध मदरसा और आसपास बने निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है। वहीं मैनपुरी में सार्वजनिक भूमि पर मस्जिद निर्माण की कोशिश को भी प्रशासन ने रोक दिया।
संभल में 285 वर्ग मीटर सरकारी जमीन कराई मुक्त
संभल जिले की चंदौसी तहसील के नरौली क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल और PAC के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासन के मुताबिक ‘दारुल उलूम’ नाम का मदरसा करीब 285 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर बना था। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन खाद के गड्ढों और सार्वजनिक रास्ते के लिए आरक्षित बताई गई थी।
#WATCH | संभल, उत्तर प्रदेश: प्रशासन ने चंदौसी इलाके के नरौली में अवैध मदरसे के खिलाफ ध्वस्तिकरण अभियान चलाया। pic.twitter.com/hSCvUcWx7T
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 12, 2026
कार्रवाई के दौरान मदरसे के साथ-साथ आसपास बने 8 से 10 अवैध घरों को भी ध्वस्त किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाँच थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।
नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया कब्जा
एसडीएम आशुतोष तिवारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने से पहले दो बार नोटिस जारी किया गया था। आदेश का पालन नहीं होने पर प्रशासन को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। हालांकि स्थानीय पंचायत अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्हें नोटिस नहीं मिला और मदरसा धार्मिक शिक्षण संस्थान था।
मैनपुरी में सरकारी जमीन पर मस्जिद निर्माण रोका
मैनपुरी में भी प्रशासन ने ग्रामीणों की शिकायत के बाद सरकारी भूमि पर हो रहे मस्जिद निर्माण कार्य को तुरंत रुकवा दिया। अधिकारी जमीन के पुराने दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जमीन पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel