सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने नरेंद्र मोदी से अपने पिता की सेहत सुधारने के लिए खास अपील की है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर युवराज दुआ ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वे अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में मीठे के नुकसान पर बात करें।
युवराज दुआ ने अपने वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पिता नरेंद्र मोदी की बातों को बेहद गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता के लिए मोदी जी की बात “पत्थर की लकीर” है, लेकिन परिवार के कहने पर भी वे मिठाई, खासकर जलेबी, खाना कम नहीं कर रहे हैं।
वीडियो में युवराज ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उनके पिता के लिए सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी, फिर परिवार और उसके बाद दोस्त आते हैं। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया कि अगर वे ‘मन की बात’ में मीठे के खिलाफ कुछ कहेंगे तो उनके पिता की शुगर कंट्रोल हो सकती है।
पीएम मोदी का हेल्थ मैसेज
इस अपील के बाद नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य को लेकर संदेश साझा किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने खान-पान का ध्यान रखें, ज्यादा चीनी के सेवन से बचें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिक चीनी का सेवन कई बीमारियों को जन्म दे सकता है और मोटापे का खतरा भी बढ़ाता है। उन्होंने संतुलित आहार और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पीएम मोदी कई बार देशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तेल और चीनी के कम उपयोग और योग को जीवन में शामिल करने की सलाह दे चुके हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel