अमेरिका के कैलिफोर्निया में खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टर नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। FBI, सैन जोकिन काउंटी शेरिफ और SWAT टीमों की संयुक्त कार्रवाई में 8 खालिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर पकड़े गए हैं। इस गिरोह का सरगना पवित्तर सिंह उर्फ पवित्तर प्रीत सिंह है, जो TMG (पवित्तर मांझा ग्रुप) नामक अंतरराष्ट्रीय गैंग चला रहा था। FBI एजेंट सिद्धार्थ पटेल ने बताया कि पवित्तर सिंह भारत में हत्या और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में वांटेड है और उस पर NIA ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल साजिश मामले में चार्जशीट दायर की है। पकड़े गए सभी आरोपी भारत से ताल्लुक रखते हैं।
सैन जोकिन काउंटी के पुलिस अधिकारी पैट्रिक विथरो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में गुरदेव सिंह भी शामिल है, जिसने भारत में एक पुलिस स्टेशन पर रॉकेट लॉन्चर से हमला किया था। गुरदेव को मार्च 2025 में चोरी की गाड़ी में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था, और अदालत से जमानत मिलने के बावजूद ICE एजेंटों ने उसे जेल के बाहर ही फिर से हिरासत में ले लिया।
डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रॉन फ्रीटास ने बताया कि इन आठों आरोपियों पर अपहरण, यातना, जबरन वसूली, गवाहों को धमकाने और हथियारों से जुड़े कई गंभीर आरोपों में दो आपराधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। गिरफ्तार किए गए अपराधियों के नाम हैं: दिलप्रीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, विशाल, पवित्तर सिंह, गुरताज सिंह, मनप्रीत रंधावा और सरबजीत सिंह। इन सभी को सैन जोकिन काउंटी जेल में रखा गया है।
इन पर लगे आरोपों में अपहरण, अवैध कैद, हमला, गैंग बढ़ावा देना, आतंकित करने की धमकी, सेमिऑटोमेटिक और असॉल्ट हथियार रखना, मशीन गन और शॉर्ट-बैरेल्ड राइफल का निर्माण, बिना रजिस्ट्रेशन हथियार ले जाना शामिल हैं। छापेमारी में इनके पास से 5 हैंडगन (एक पूरी तरह ऑटोमेटिक ग्लॉक), एक असॉल्ट राइफल, सैकड़ों राउंड गोला-बारूद, उच्च क्षमता वाली मैगजीन और \$15,000 नकद बरामद हुए। इस कार्रवाई से अमेरिका में सक्रिय खालिस्तानी नेटवर्क की गंभीरता उजागर हुई है।