भारत के लिए खेल जगत से ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। 22 वर्षीय आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया। वह इस चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। आनंदकुमार ने मेन्स सीनियर 1000 मीटर स्प्रिंट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1:24.924 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार की और भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया। यह जीत भारतीय स्केटिंग के लिए मील का पत्थर है, क्योंकि इससे पहले भारत ने इस स्तर पर कभी गोल्ड मेडल नहीं जीता था।
इस ऐतिहासिक गोल्ड से एक दिन पहले ही आनंदकुमार ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेन्स सीनियर 500 मीटर स्प्रिंट इवेंट में 43.072 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता था। यह भी एक अहम उपलब्धि थी, क्योंकि यह भारत का इस टूर्नामेंट में पहला सीनियर मेडल था। इसी चैंपियनशिप में भारत के जूनियर खिलाड़ी कृष शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1000 मीटर स्प्रिंट इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह भारत ने इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो-दो गोल्ड मेडल जीतकर देश के लिए गौरव का नया अध्याय लिखा।
आनंदकुमार वेलकुमार का यह प्रदर्शन भारतीय स्केटिंग के लिए निरंतर बढ़ती उपलब्धियों का हिस्सा है। इस साल की शुरुआत में भी उन्होंने चीन के चेंगदू में आयोजित वर्ल्ड गेम्स में 1000 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा था। वह रोलर स्पोर्ट्स में भारत के लिए पहला मेडल लाने वाले खिलाड़ी बने थे। उनकी मेहनत और निरंतर सफलता ने न केवल उन्हें बल्कि पूरे भारतीय स्केटिंग समुदाय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनंदकुमार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए गर्व जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में मेन्स सीनियर 1000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि आनंदकुमार के धैर्य, गति और जज्बे ने उन्हें भारत का पहला वर्ल्ड चैंपियन बनाया है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि देश के अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्होंने आनंदकुमार को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
Proud of Anandkumar Velkumar for winning the Gold at the Senior Men’s 1000m Sprint in the Speed Skating World Championships 2025. His grit, speed and spirit have made him India’s first World Champion in skating. His accomplishment will inspire countless youngsters.… pic.twitter.com/uewup1bGir
— Narendra Modi (@narendramodi) September 16, 2025
भारत के लिए यह जीत न केवल एक खेल उपलब्धि है बल्कि यह संदेश भी देती है कि देश के युवा खिलाड़ी किसी भी मंच पर अपनी मेहनत और लगन से वैश्विक स्तर पर छा सकते हैं। आनंदकुमार और कृष शर्मा की सफलता ने भारत में स्केटिंग खेल को नई ऊर्जा और पहचान दी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel