प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में भारत की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, खेल, विज्ञान, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी कई बड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी जनता है और जब जनता किसी संकल्प से जुड़ती है, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी संभव हो जाता है।
स्वदेशी रक्षा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में भारतीय नौसेना में शामिल हुए स्वदेशी जहाजों INS दुनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत लगातार रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने भारत में बने C-295 विमान की पहली उड़ान को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे 40 विमान देश में ही बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने DRDO द्वारा स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड-अटैक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियाँ सिर्फ तकनीकी सफलता नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के मजबूत होते कदमों का प्रमाण हैं।
Sharing this month’s #MannKiBaat. Do hear as we discuss various subjects. https://t.co/iPlqPndKlS
— Narendra Modi (@narendramodi) June 28, 2026
योग दिवस और विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत का दबदबा
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार दुनिया के 2,500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि योग अब भारत की सांस्कृतिक विरासत से आगे बढ़कर विश्व कल्याण का माध्यम बन चुका है।
अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने पहला स्थान हासिल किया।
जनता के सहयोग को प्रधानमंत्री ने बताया देश की असली ताकत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति उसकी जनता होती है। उन्होंने पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात के दौरान देशवासियों से की गई अपनी अपील का जिक्र किया। पीएम मोदी ने लोगों से कुछ समय तक सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्राएँ टालने, कारपूलिंग अपनाने और किसानों से प्राकृतिक खेती तथा जैविक उर्वरकों के उपयोग की अपील की थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने इस अपील का सकारात्मक समर्थन किया। कई परिवारों ने शादियों में नया सोना नहीं खरीदा, विदेश यात्राएँ टाल दीं और लोगों ने बस, मेट्रो तथा कारपूलिंग का अधिक इस्तेमाल शुरू किया।
नांदेड़ के पेठकर परिवार की पीएम मोदी ने की सराहना
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ के पेठकर परिवार की विशेष सराहना की। इस परिवार ने शादी के अवसर पर 3,500 ग्रामीणों का दुर्घटना बीमा कराया।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सिर्फ 20 रुपए सालाना प्रीमियम में 2 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। उन्होंने बताया कि इस योजना से अब तक 58 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 27 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं।
अंधविश्वास छोड़कर विज्ञान अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने समाज में अंधविश्वास को नुकसानदायक बताते हुए लोगों से वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने असम की जीवविज्ञानी पूर्णिमा देवी बर्मन और उनकी ‘हरगिला सेना’ का उदाहरण दिया।
पीएम मोदी ने बताया कि जिस हरगिला पक्षी को कभी अपशगुन मानकर भगाया जाता था, आज वही पक्षी कई गाँवों की पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि जब समाज अंधविश्वास छोड़कर विज्ञान और संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ता है, तो प्रकृति और मानव दोनों का भला होता है।
नागालैंड की फुटबॉल लीग और नालंदा की शास्त्रार्थ परंपरा का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने नागालैंड की बेबी लीग और महिला फुटसल लीग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति बढ़ती भागीदारी देश के युवाओं में ऊर्जा और अनुशासन का भाव पैदा करती है।
इसके अलावा पीएम मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय द्वारा प्राचीन शास्त्रार्थ परंपरा को फिर से शुरू करने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना समय की जरूरत है।
संस्कृत, AI और डेटा साइंस को जोड़ने की पहल
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा AI और डेटा साइंस में बीटेक शुरू करने की पहल की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय भाषाओं और प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने डोमिनिकन गणराज्य की ‘ब्रह्मकमल डोमिनिकाना’ टीम का भी जिक्र किया, जो संस्कृत मंत्रों का अध्ययन और उच्चारण कर रही है। पीएम मोदी ने इसे भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता का उदाहरण बताया।
पर्यावरण संरक्षण और लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, मध्य प्रदेश के राजगढ़ की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक से इको-ब्रिक्स बनाने की पहल और गणेश उत्सव में स्थानीय मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएँ खरीदने की अपील की।
उन्होंने लोगों से प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियाँ नहीं खरीदने का अनुरोध किया। पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों को पर्यावरण के अनुकूल बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
बारिश की हर बूंद बचाने का संदेश
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश की हर बूंद बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों की जानकारी साझा करते रहने की भी अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देशवासी मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करते हैं, तो वही प्रयास राष्ट्रीय अभियान बन जाते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel