तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक अनिश्चितता अब सड़कों पर उग्र रूप में सामने आने लगी है। थलपति विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ में हो रही देरी से नाराज एक समर्थक ने आत्मदाह की कोशिश कर ली, जिससे पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है।
तिरुनेलवेली में समर्थक ने लगाई खुद को आग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तिरुनेलवेली जिले की है, जहाँ करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन ने खुद को आग लगा ली।
घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
शपथ में देरी से नाराजगी बनी वजह
बताया जा रहा है कि इसक्कियप्पन तमिलगा वेट्री कझगम प्रमुख विजय के जल्द मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद कर रहे थे।
लेकिन सरकार गठन में हो रही लगातार देरी से वे भावनात्मक रूप से आहत हो गए और यह कदम उठा लिया।
सरकार गठन में जारी है गतिरोध
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन अन्य दलों से स्पष्ट समर्थन न मिलने के कारण सरकार गठन का रास्ता अब तक साफ नहीं हो पाया है।
इसी वजह से संभावित माने जा रहे विजय के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भी रद्द करना पड़ा।
पहले भी कर चुके हैं अजीब प्रदर्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, इसक्कियप्पन पहले भी अपने अलग अंदाज में विजय के समर्थन को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।
करीब चार महीने पहले उन्होंने विजय को मुख्यमंत्री बनाने की कामना करते हुए अपने गालों के आर-पार 16 फीट लंबा ‘वेल’ (भाला) डालकर विरोध-प्रदर्शन किया था।
राजनीतिक नेताओं की अपील
बढ़ते तनाव और समर्थकों की भावनात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए तमिलिसाई सौंदराराजन ने विजय से शांति की अपील करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता नई सरकार को लेकर भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई है और स्थिर सरकार चाहती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel