संसद के मानसून सत्र में गतिरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्ष के भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता हाल ही में छात्रों पर हुई कार्रवाई और लाठीचार्ज के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में स्पष्ट जवाब की मांग पर अड़े हुए हैं। दूसरी ओर, सत्ताधारी एनडीए (NDA) के नेता राहुल गांधी पर चर्चा से भागने का गंभीर आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि गृह मंत्री हर मुद्दे पर विस्तार से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। इसी कड़ी में बीजेपी नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर ‘राहुल भागना नहीं’ कैंपेन भी शुरू किया है।
“बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं” – सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “लोकतंत्र प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता देता है, तो उत्तर सुनने का दायित्व भी निर्धारित करता है। गृहमंत्री अमित शाह छात्रों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
उन्होंने आगे कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को तथ्यों का सामना करना चाहिए, सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और सरकार का उत्तर पूरा सुनना चाहिए। सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “लोकतंत्र में बहस से प्रतिष्ठा बढ़ती है, भागने से नहीं।”
लोकतंत्र प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता देता है, तो उत्तर सुनने का दायित्व भी निर्धारित करता है।
माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी विद्यार्थियों से जुड़े विषय पर सदन में विस्तारपूर्वक अपना पक्ष रखने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। कांग्रेस और समूचे विपक्ष से अपेक्षा है कि…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 11, 2026
किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर पलटवार
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेता सदन में चर्चा से भाग नहीं सकते और उन्हें गृह मंत्री का सामना करना होगा।
रिजिजू ने लोकसभा में स्पष्ट किया कि सरकार हर परिस्थिति में बहस के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कई दिनों से गृह मंत्री के जवाब की मांग कर रहे थे। अब जब गृह मंत्री अमित शाह पूरी घटनाओं और मामलों का बहुत ही डिटेल में जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी पीछे हट रहे हैं।” रिजिजू ने दोटूक कहा कि राहुल गांधी को ‘न तो भागना है और न ही डरना है’।
विपक्ष की मुख्य 3 मांगें क्या हैं?
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस और संसद में विपक्ष ने अपनी तीन प्रमुख मांगें दोहराई हैं:
-
छात्रों पर कार्रवाई: दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और बल प्रयोग के मुद्दे पर गृह मंत्री सदन में विस्तृत जवाब दें।
-
प्रधानमंत्री की माफी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरी घटना के लिए देश के युवाओं से माफी मांगें।
-
अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी का आरोप: अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और चंदे में कथित गड़बड़ी/चोरी के आरोपों पर संसद के भीतर उच्चस्तरीय चर्चा हो।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel