उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति को भेजे अपने त्यागपत्र में धनखड़ ने कहा कि वह “स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने” और चिकित्सीय सलाह के पालन हेतु तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 67(ए) का उल्लेख करते हुए यह निर्णय लिया।
"जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित विभिन्न भूमिकाओं में देश की सेवा करने के कई अवसर प्राप्त हुए हैं।
उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूँ।"#JagdeepDhankhar | #GoodHealth |#VicePresidentIndia | #NarendraModi | #India | @narendramodi | pic.twitter.com/fb3sa0Kssx
— One India News (@oneindianewscom) July 22, 2025
74 वर्षीय जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति पदभार संभाला था और उनका कार्यकाल 2027 तक था। उनके इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा का अवसर मिला और उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस्तीफे के अगले दिन मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता उपसभापति हरिवंश ने की। गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं और आमतौर पर सदन की कार्यवाही की शुरुआत में उपराष्ट्रपति ही अध्यक्षता करते थे। धनखड़ का इस्तीफा संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सामने आया।