उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल गेम PUBG (पबजी) की लत और स्वास्थ्य लापरवाही के कारण 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, वह देर रात तक मोबाइल गेम खेलता था और सोशल मीडिया पर रील्स बनाने में भी काफी समय बिताता था, जिससे उसकी सेहत पर गंभीर असर पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 05 फरवरी 2026 को कैफ रोज की तरह कान में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ब्रेन हैमरेज की पुष्टि की, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
22 साल का मोहम्मद कैफ मोबाइल पर पब्जी खेल रहा था। अचानक बेहोश हो गया। डॉक्टर के पास ले जाया गया। पता चला कि ब्लड प्रेशर 300 पार पहुंचने से दिमाग की नस फट गई है। कुछ देर बाद मौत हो गई।
📍मेरठ, उत्तर प्रदेश pic.twitter.com/Q1kxsyIltp
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) February 9, 2026
डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक हाई ब्लड प्रेशर के कारण कैफ के दिमाग की नस फट गई थी। जांच के दौरान उसका ब्लड प्रेशर 300 से भी ज्यादा पाया गया, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है। परिवार ने बताया कि कैफ लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहा था और करीब 10 साल पहले भी उसे बीपी की शिकायत हुई थी। हालांकि, वह नियमित रूप से दवाइयां लेने में लापरवाही करता था।
यह घटना डिजिटल गेमिंग की बढ़ती लत और स्वास्थ्य पर उसके संभावित खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक स्क्रीन के सामने बैठना, नींद की कमी और तनाव जैसी आदतें हाई ब्लड प्रेशर और मानसिक-शारीरिक समस्याओं को बढ़ा सकती हैं। डॉक्टरों ने युवाओं को संतुलित जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की सलाह दी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel