गुजरात के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के लिए और तेज बारिश की संभावना जताई है। इस बीच आईएमडी ने राज्य के कई जिलों में यलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। तापी, नर्मदा, छोटा उदयपुर, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड और डांग जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश का असर आम जनजीवन पर साफ तौर पर देखा जा सकता है। कई जगहों पर जलभराव के चलते सड़कें और गली-मोहल्ले पानी में डूब गए हैं। स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है और कुछ कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी है ताकि लोग सुरक्षित रह सकें। राज्य के कई हिस्सों में यातायात बाधित हो गया है और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
— IMD Ahmedbad (@IMDAHMEDABAD) September 3, 2025
आज डांग और छोटा उदयपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नर्मदा, अमरेली, नवसारी, भावनगर, सूरत, भरूच और तापी जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस समय बारिश ने न सिर्फ गुजरात बल्कि पंजाब समेत कई राज्यों में हालात खराब कर दिए हैं। पंजाब में तो बाढ़ की स्थिति ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
आईएमडी के मुताबिक 5 सितंबर को गुजरात के 28 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इनमें वलसाड, सूरत, तापी और नवसारी में रेड अलर्ट रहेगा। नर्मदा, छोटा उदयपुर, अमरेली, बोटाद और भावनगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अहमदाबाद, खेड़ा, वडोदरा, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, राजकोट, सुरेंद्रनगर, महिसागर, गांधीनगर, अरावली, मेहसाणा और पाटन जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अभी राज्य के मौसम में सुधार के कोई आसार नहीं हैं और बारिश का सिलसिला कुछ दिनों तक और जारी रह सकता है।