ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के चलते पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात से 2 LPG टैंकर और सऊदी अरब से एक कच्चा तेल लेकर जहाज भारत के लिए रवाना हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जहाज एमवी जग वसंत और एमवी पाइन गैस ने सोमवार (23 मार्च 2026) शाम रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर लिया। ईरान की मंजूरी मिलने के बाद ये जहाज अब भारतीय नौसेना की सुरक्षा में आगे बढ़ रहे हैं।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और शिपिंग संकट को देखते हुए नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी ने अपना ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का आधिकारिक दौरा रद्द कर दिया है। नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भारतीय नौसेना ने क्षेत्र में अपने कोलकाता क्लास विध्वंसक युद्धपोत तैनात किए हैं, ताकि भारतीय जहाजों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भारत के लिए रवाना LPG टैंकरों में से ‘जग वसंत’ लगभग 92,612 मीट्रिक टन गैस लेकर 26 मार्च को कांडला बंदरगाह पहुँचेगा, जबकि ‘पाइन गैस’ 28 मार्च को न्यू मंगलौर पहुँचेगा। इसके अलावा, कच्चे तेल से लदा एमटी कलिस्टा सऊदी अरब के यनबू पोर्ट से पारादीप के लिए रवाना हो चुका है।
मिसाइल और ड्रोन हमलों के खतरे के बीच भारतीय नौसेना लगातार जहाजों के कप्तानों के संपर्क में है, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनका मनोबल भी बना रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel