पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में जाति प्रमाण पत्रों (Caste Certificates) को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने आदेश जारी कर 2011 के बाद जारी सभी SC, ST और OBC प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच करने का निर्णय लिया है। इस प्रक्रिया के तहत करीब 1.69 करोड़ जाति प्रमाण पत्रों की सत्यता की जांच की जाएगी।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता सुनिश्चित करने और फर्जी प्रमाण पत्रों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।
क्यों शुरू हुई जांच?
पिछले कुछ समय से सरकार को शिकायतें मिल रही थीं कि कई अपात्र लोगों को भी जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। खासकर ‘द्वारे सरकार’ कैंपों के माध्यम से जारी किए गए प्रमाण पत्रों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
आरोप है कि जल्दबाजी में दस्तावेज जारी होने के कारण कुछ मामलों में पात्रता की सही जांच नहीं हो सकी, जिससे असली लाभार्थियों को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
क्या होगा आगे?
सरकारी आदेश के अनुसार, सभी उप-विभागीय अधिकारियों (SDOs) को हर प्रमाण पत्र की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान यदि कोई प्रमाण पत्र फर्जी या गलत पाया जाता है, तो उसे तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।
सरकार ने साफ चेतावनी दी है कि इस प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उद्देश्य क्या है?
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आरक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और वास्तविक पात्र लाभार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा करना बताया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel