प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरुवार (18 दिसंबर 2025) को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान’ प्रदान किया। यह सम्मान भारत और ओमान के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों और साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका के लिए दिया गया।
यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में प्रदान किया गया। इससे पहले वे जॉर्डन और इथियोपिया का दौरा कर चुके थे। सम्मान प्रदान करते हुए सुल्तान हैथम बिन तारिक ने कहा कि यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत-ओमान साझेदारी को सशक्त बनाने में उनके योगदान की मान्यता है।
#WATCH | Muscat: Sultan Haitham bin Tariq Al Said conferred the Order of Oman upon PM Narendra Modi
(Source: ANI/DD) pic.twitter.com/qpqEXlDUsp
— ANI (@ANI) December 18, 2025
‘द फर्स्ट क्लास ऑफ द ऑर्डर ऑफ ओमान’ ओमान का सबसे ऊंचा नागरिक सम्मान है, जिसे इससे पहले विश्व की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया जा चुका है। इस सम्मान को पाने वालों में ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय, डेनमार्क की महारानी क्वीन मार्ग्रेथ द्वितीय, जापान के सम्राट अकीहितो, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला और जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के लिए यह 29वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो वैश्विक मंच पर उनकी बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रभाव को दर्शाता है। हाल के वर्षों में उन्हें विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सम्मान भारत की वैश्विक भूमिका और नेतृत्व की स्वीकृति माने जा रहे हैं।
इससे पहले, 16 दिसंबर को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में इथियोपिया के प्रधानमंत्री आबिय अहमद अली ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया था। यह सम्मान भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत करने और वैश्विक नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान के लिए दिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले विदेशी नेता बने थे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel