चीन के मशहूर बॉडी बिल्डर वांग कुन का महज 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनकी मौत की खबर ने फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग जगत को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वांग कुन की मौत हृदय रोग से जुड़ी बीमारी के कारण हुई। चीन की अन्हुई प्रांतीय बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है।
वांग कुन एक पेशेवर एथलीट थे और इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस (IFBB) प्रोफेशनल लीग से जुड़े हुए थे, जिसे चीन की सबसे बड़ी बॉडी बिल्डिंग संस्था माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में चाइनीज बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के तहत लगातार आठ बार बॉडी बिल्डिंग खिताब जीता था। इसके अलावा, वे कई बार नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भी हिस्सा ले चुके थे।
उनके निधन के बाद उनकी जीवनशैली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। वांग कुन एक साधक की तरह जीवन जीते थे और खुद को पूरी तरह फिटनेस को समर्पित कर रखा था। वे बेहद सख्त डाइट प्लान और कड़े ट्रेनिंग सेशन के लिए जाने जाते थे। उनका अधिकांश समय व्यायाम में ही बीतता था। उनकी डाइट में उबला हुआ चिकन, सूप और सीमित मात्रा में चुना हुआ भोजन शामिल रहता था।
कई इंटरव्यू में वांग कुन ने बताया था कि वे पिछले 10 वर्षों से साधना कर रहे थे और एक बौद्ध भिक्षु जैसी अनुशासित जीवनशैली अपनाए हुए थे। उनका मानना था कि शानदार बॉडी पाने के लिए संयम, अनुशासन और समय की पाबंदी बेहद जरूरी है। वे न सिर्फ एक सफल एथलीट थे, बल्कि एक सफल कारोबारी भी थे और ‘मसल फैक्टरी’ नाम से जिम चेन के मालिक थे। वे जल्द ही एक नई जिम खोलने की योजना पर भी काम कर रहे थे, जिसे वे अपने जीवन की नई शुरुआत मानते थे।
वांग कुन की असमय मौत ने दुनियाभर के फिटनेस प्रेमियों और विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। हाल के वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां नामी बॉडी बिल्डर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर कम उम्र में ही चल बसे।
कुछ समय पहले ऑस्ट्रेलिया के बॉडी बिल्डर अजीज शैवेरशियान की 22 वर्ष की उम्र में मौत हो गई थी, जिसे अत्यधिक स्टेरॉयड सेवन से जोड़ा गया था। वहीं जर्मनी के फिटनेस इन्फ्लुएंसर जो लिंडनर का भी 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के फिटनेस प्रोफेशनल एंड्रियाज मुंजेर की 31 वर्ष की उम्र में मौत हुई थी, जिसका कारण अत्यधिक व्यायाम के चलते शरीर के कई अंगों का काम करना बंद कर देना बताया गया था।
इन घटनाओं ने एक बार फिर इस सवाल को खड़ा कर दिया है कि अत्यधिक ट्रेनिंग, सख्त डाइट और फिटनेस के नाम पर शरीर पर डाले जाने वाले दबाव के क्या गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel