बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को मोगबाजार चौराहे पर हुए बम विस्फोट के बाद अब एक और धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को ढाका के पास दक्षिण केरानीगंज इलाके में स्थित एक मदरसे में शक्तिशाली बम धमाका हुआ। इस विस्फोट में बच्चों और महिलाओं सहित कुल चार लोग घायल हो गए हैं।
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह धमाका उम्मल कुरा इंटरनेशनल मदरसा में हुआ, जिससे मदरसे के दो कमरों की दीवारें ढह गईं। धमाके का असर इतना तेज था कि आसपास की इमारतों में भी दरारें आ गईं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने इमारत के अंदर से केमिकल, कच्चे विस्फोटक उपकरण और बम बनाने से जुड़ा सामान बरामद किया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मदरसे में करीब 50 बच्चे पढ़ाई करते थे। हालांकि, शुक्रवार को जुमे की छुट्टी होने के कारण मदरसा बंद था, इसलिए धमाके के वक्त तालीम के लिए आने वाले छात्र वहां मौजूद नहीं थे। इसी वजह से किसी बड़े जानमाल के नुकसान से बचाव हो सका।
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी मिजानुर ने कहा कि धमाके की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया, “हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि विस्फोट कैसे हुआ और इसमें कौन लोग शामिल हो सकते हैं।” फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और जल्द ही कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले, बुधवार को ढाका के मोगबाजार चौराहे पर बांग्लादेश मुक्तिजोद्धा संसद सेंट्रल कमांड के पास हुए एक शक्तिशाली देसी बम धमाके में 21 वर्षीय युवक सैफुल सियाम की मौत हो गई थी। रामना डिवीजन के डिप्टी पुलिस कमिश्नर मसूद आलम के अनुसार, वह विस्फोट एक शक्तिशाली कॉकटेल बम से किया गया था। लगातार हो रहे इन धमाकों ने ढाका और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel