उत्तर प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार (13 फरवरी 2026) को बजट अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। चर्चा के दौरान सीएम योगी ने पूर्व सरकार के कार्यकाल से जुड़े कुछ प्रसंग साझा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए।
शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल से जुड़ा किस्सा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सपा सरकार के समय पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के एक मंत्री को मुख्य अतिथि बनाया गया था। उन्होंने दावा किया कि मंत्री को जब कार्यक्रम की जानकारी दी गई तो उन्होंने कथित तौर पर पूछा, “बिस्मिल्लाह खां को तो अभी पुरस्कार मिला था, उन्हें फाँसी क्यों दे दी गई?”
समाजवादी पार्टी के शिक्षा मंत्री को 'भारत रत्न' उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ और पं. राम प्रसाद बिस्मिल में अगर अंतर नहीं पता, तो वहां चौपट होना ही होना था,
बच्चे नकल नहीं करते तो क्या करते?
और यही समाजवादी पार्टी के लोग उत्तर प्रदेश के अंदर कर रहे थे… pic.twitter.com/pXt8OfBpYx
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 13, 2026
सीएम योगी के अनुसार, मंच पर पहुँचने के बाद भी मंत्री ने यही बात दोहराई। जब लोगों ने उन्हें सही जानकारी देने की कोशिश की तो उन्होंने उन्हें बीजेपी समर्थक बताकर चुप करा दिया। इस प्रसंग पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इसी को अंधेर नगरी चौपट राजा कहते हैं।”
नकल माफिया को लेकर आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार की लापरवाही और अव्यवस्था के कारण प्रदेश में नकल माफिया को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और नकल पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।
मंत्री और अधिकारियों की पहचान का मुद्दा
सीएम योगी ने एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि जब वे गोरखपुर से सांसद थे, उस दौरान एक रेलवे स्टेशन पर राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे। उसी समय माध्यमिक शिक्षा मंत्री भी वहाँ पहुँचे, लेकिन एक अधिकारी उन्हें पहचान नहीं पाया। बाद में मंत्री ने बताया कि वे पिछले छह महीने से सचिवालय नहीं गए थे, इसलिए अधिकारी उन्हें पहचान नहीं पाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस व्यवस्था में अधिकारी और मंत्री एक-दूसरे को पहचान तक न पाएँ, वहाँ प्रशासनिक सुधार संभव नहीं है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel