मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा इलाके में सेप्टिक टैंक से 33 वर्षीय महिला का सड़ा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपित समीर है, जिसने कथित तौर पर अपने परिवार की मदद से अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की रहने वाली अशर्फी उर्फ सिया के रूप में हुई है। करीब एक साल पहले सोशल मीडिया पर अशर्फी और समीर की मुलाकात हुई थी। तीन महीने पहले सिया अपना घर छोड़कर भोपाल आ गई और कमला नगर इलाके में समीर के साथ रहने लगी।

शादी को लेकर विवाद बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि सिया को यह जानकारी नहीं थी कि समीर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। दोनों के बीच शादी को लेकर लगातार विवाद होता था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर समीर ने सिया का गला घोंटकर हत्या कर दी।
परिवार ने मिलकर ठिकाने लगाया शव
पुलिस के मुताबिक, सबूत मिटाने के लिए समीर के भाई, माँ और बहन ने मिलकर शव को लोहे के बक्से में बंद किया और रात में एक खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।
बच्चों की शिकायत से खुला राज
गुरुवार (12 फरवरी 2026) शाम को पास में खेल रहे बच्चों ने बदबू आने की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक से लोहे का बक्सा निकालकर शव बरामद किया। फिलहाल मुख्य आरोपी समीर फरार है, जबकि उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel