उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या धाम और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे पवित्र क्षेत्र में अब न सिर्फ नॉन-वेज की दुकानों और होटलों पर रोक रहेगी, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए भी नॉन-वेज खाना मंगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की आस्था और स्थानीय लोगों की भावनाओं के सम्मान में उठाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक अयोध्या धाम क्षेत्र में दुकानों और रेस्टोरेंट्स पर नॉन-वेज बेचने पर रोक थी, लेकिन कुछ लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए नॉन-वेज मंगा रहे थे। इसे लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने Zomato और Swiggy जैसे ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर भी नॉन-वेज ऑर्डर और डिलीवरी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
सरकार के आदेश के मुताबिक, गेस्ट हाउस, होमस्टे और ढाबों में भी नॉन-वेज भोजन परोसने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का मानना है कि अयोध्या धाम और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पूरी तरह धार्मिक क्षेत्र हैं, जहां श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति की भावना से आते हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस फैसले के सख्त अनुपालन के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। सभी दुकानदारों, होटल संचालकों और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को आदेश की जानकारी दे दी गई है। सहायक खाद्य आयुक्त ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से अयोध्या की आध्यात्मिक पहचान और धार्मिक वातावरण और अधिक मजबूत होगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को पूरी तरह पवित्र और शांत माहौल मिल सकेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel