पुष्कर (राजस्थान): राजस्थान के पवित्र तीर्थ स्थल पुष्कर में सार्वजनिक स्थानों पर इजरायल विरोधी और फिलिस्तीन समर्थक स्टिकर लगाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। इस मामले में दो ब्रिटिश नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश (Leave India Notice) दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन के नागरिक लुईस गैब्रियल और उनकी महिला मित्र अनुशी एम्मा टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। लेकिन भारत में रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होकर उन्होंने वीजा नियमों का उल्लंघन किया। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद दोनों का वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया।
खुफिया सूचना के बाद हुई कार्रवाई
यह मामला 21 जनवरी का बताया जा रहा है। खुफिया विभाग को सूचना मिली थी कि पुष्कर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक संदेश वाले स्टिकर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें यह ब्रिटिश जोड़ा स्टिकर लगाते हुए नजर आया।
पूछताछ में साफ हुआ कि दोनों विदेशी नागरिक टूरिस्ट वीजा पर होने के बावजूद प्रतिबंधित राजनीतिक गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस ने तुरंत सभी आपत्तिजनक स्टिकर्स हटवाए और मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी।
राजनीतिक गतिविधियों पर सख्त नियम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारत में किसी भी विदेशी नागरिक को राजनीतिक विरोध, प्रचार या गतिविधियों की अनुमति नहीं है, खासकर जब वे टूरिस्ट वीजा पर देश में मौजूद हों। आव्रजन नियमों के तहत दोनों को भारत छोड़ने का निर्देश दे दिया गया है।
इजरायली पर्यटकों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
गौरतलब है कि पुष्कर में बड़ी संख्या में इजरायली पर्यटक आते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel