बारां में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलन के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यह पथ संचलन सुबह करीब 11:30 बजे प्यारे रामजी मंदिर से शुरू हुआ था और इसका निर्धारित मार्ग कौसर कॉलोनी, मांगरोल दरवाजा होकर वापस मंदिर तक का था। लेकिन जैसे ही पथ संचलन मंदिर से निकला और करीब 5 मिनट आगे बढ़ा, अंजुमन के सामने एक धार्मिक स्थल के पास कुछ लोगों ने रास्ता रोक दिया और आपत्ति जताई। इसके बाद वहां तनाव बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन हरकत में आया और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया। मौके पर भीड़ बढ़ने लगी, नारेबाजी हुई और अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने पथ संचलन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठियां बरसाईं और भीड़ को तितर-बितर किया। करीब 2 घंटे तक इलाके में तनाव बना रहा।
तनाव को देखते हुए कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और एसपी अभिषेक अंडासु भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की और स्पष्ट किया कि निर्धारित मार्ग से ही पथ संचलन निकलेगा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात पर काबू पाया गया और अंततः पथ संचलन को उसके तय रास्ते से निकालकर संपन्न कराया गया।
एसपी अभिषेक अंडासु ने बताया कि आरएसएस का पथ संचलन पहले से अनुमति लेकर निकाला जा रहा था। जहां भी रुकावट पैदा की गई थी, उसे हटाकर प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम शांतिपूर्वक पूरा हो। हालांकि शुरुआती झड़प और पथराव की वजह से इलाके में तनाव का माहौल बना, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि आगे कोई अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel