जस्टिस श्रीचंद्रशेखर बॉम्बे हाई कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर इस निर्णय की जानकारी साझा करते हुए कहा कि संविधान के प्रावधानों के तहत भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद, राष्ट्रपति ने जस्टिस श्रीचंद्रशेखर को बॉम्बे हाई कोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त किया है।
25 अगस्त 2025 को मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस चंद्रशेखर के नाम की सिफारिश की थी। अब वह भारत के दूसरे सबसे बड़े हाई कोर्ट—बॉम्बे हाई कोर्ट—के चीफ जस्टिस बनेंगे, जिसका अधिकार क्षेत्र महाराष्ट्र और गोवा तक फैला हुआ है।
जस्टिस श्रीचंद्रशेखर के बारे में पाँच रोचक बातें
- जस्टिस श्रीचंद्रशेखर अब तक बॉम्बे हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस थे। उनका जन्म 25 मई 1965 को हुआ।
- उन्होंने 1993 में दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई पूरी की और दिल्ली में वकालत शुरू की, जहाँ उन्होंने क्रिमिनल और सिविल दोनों तरह के मामलों की पैरवी की।
- 19 साल की प्रैक्टिस में उन्होंने करीब 3,500 मामलों में वकालत की, जिनमें से ज्यादातर सुप्रीम कोर्ट में थे। सुप्रीम कोर्ट के लगभग 140 फैसलों में उनका नाम वकील के तौर पर दर्ज है।
- वह AICTE और झारखंड राज्य के स्थायी वकील भी रहे। इसके अलावा उन्होंने बिहार राज्य आवास बोर्ड, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और कई निजी कंपनियों का भी प्रतिनिधित्व किया।
- जनवरी 2013 में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट का अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया और जून 2014 में स्थायी जज बनाया गया। 29 दिसंबर 2023 को उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस का पद संभाला। जुलाई 2025 में वह बॉम्बे हाई कोर्ट के जज बने और अब यहीं के चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel