दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महँगाई भत्ता (DA) और महँगाई राहत (DR) में 3% की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। अब यह दर 55% से बढ़कर 58% हो जाएगी। यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी, जबकि इसका नकद भुगतान अक्टूबर 2025 से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह निर्णय लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक सहारा प्रदान करेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों के महंगाई भत्ते व महंगाई राहत की दर 55% को 01 जुलाई, 2025 से बढ़ाकर 58% कर दिया है।
महापर्व दीपावली के अवसर पर यह निर्णय लगभग 28 लाख कर्मयोगियों और पेंशनरों के जीवन में संतोष, सुरक्षा और समृद्धि का दीप जलाने…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 17, 2025
इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर मार्च 2026 तक लगभग 1960 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। अक्टूबर 2025 से कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए और डीआर का भुगतान नकद रूप में मिलेगा। नवंबर 2025 में सरकार पर 795 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा, जिसमें पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के तहत आने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में 185 करोड़ रुपए जमा किए जाएँगे।
#UPCM @myogiadityanath ने पावन पर्व दीपावली के अवसर पर प्रदेश के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) की दरों में वृद्धि का उपहार दिया है।
अब प्रदेश के सभी पात्र 16.35 लाख कर्मचारियों एवं 11.52 लाख पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को 01… pic.twitter.com/n3NfWe0Ncv
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 17, 2025
इसके अलावा, जुलाई से सितंबर 2025 की अवधि के एरियर के भुगतान पर भी 550 करोड़ रुपए से अधिक का अतिरिक्त व्ययभार पड़ेगा। दिसंबर 2025 से राज्य सरकार पर हर महीने लगभग 245 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारू रूप से लागू किया जाए ताकि सभी लाभार्थियों तक यह सुविधा समय पर पहुँचे।
योगी सरकार के इस कदम को कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। यह फैसला न केवल उनके आर्थिक बोझ को कम करेगा, बल्कि राज्य सरकार की जन-केंद्रित नीतियों को भी मजबूती प्रदान करेगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीपावली बोनस की भी घोषणा की थी और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि बोनस का भुगतान समय पर हो ताकि सभी कर्मचारी खुशी से त्योहार मना सकें।