दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास कार में मिले तीन शवों के सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वयंभू ‘मौलाना’ और कथित तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं.
कार में मिले थे तीन शव, CCTV से मिला अहम सुराग
दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार से रणधीर (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) के शव बरामद हुए थे. रणधीर ड्राइविंग सीट पर जबकि बाकी दोनों पीछे बैठे मिले. जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में कमरुद्दीन को घटना के दिन कार में बैठे और बाद में बाहर निकलते हुए देखा गया.
गिरफ्तारी के दौरान दीवार फांदकर भागने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी देवी द्वारा भेजी गई लोकेशन के आधार पर टीम रात में आरोपी के घर पहुंची. दरवाजा न खोलने पर कमरुद्दीन 17 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
तंत्र-मंत्र और लालच देकर बनाता था शिकार
जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और झूठे धार्मिक दावों के जरिए लोगों को फंसाता था. पुलिस के अनुसार वह लोगों को ‘जिन्न’ बुलाने और धनवर्षा जैसी बातें कहकर ठगता था. लक्ष्मी देवी के फोन से कई संदिग्ध फोटो और वीडियो भी बरामद हुए हैं.
खाने-पीने में जहर मिलाकर हत्या का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पीड़ितों को लड्डू और कोल्ड ड्रिंक में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाकर दीं, जिससे वे बेहोश हो गए और कार से बाहर नहीं निकल सके. इस डेडली कॉम्बिनेशन से उनकी मौत हो गई.
अब तक 8 हत्याओं की बात कबूल
दिल्ली पुलिस के अनुसार कमरुद्दीन ने पूछताछ में अब तक 8 हत्याओं की बात कबूल की है. जांच एजेंसियां उसके पुराने मामलों, संपत्तियों और नेटवर्क की जांच कर रही हैं. पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी लोगों से इलाज और तांत्रिक अनुष्ठानों के नाम पर पैसे लेता था और एक मीटिंग के करीब 7 हजार रुपये वसूलता था.
धार्मिक पहचान को लेकर जांच जारी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा टारगेट किए गए सभी पीड़ित हिंदू थे. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है और अभी विस्तृत जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा.
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel