साल के अंतिम दिन वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में भक्त मथुरा–वृंदावन पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर और उसके आसपास का इलाका पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। नए साल से पहले दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं की वजह से भीड़ लगातार बढ़ रही है।
इसी बीच सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह अफवाह फैल गई थी कि भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस पर मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट तौर पर इन अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि दर्शन पर कोई प्रतिबंध नहीं है और श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर आकर भगवान के दर्शन कर सकते हैं।
#WATCH | Uttar Pradesh | An overwhelming surge of crowd witnessed at the Banke Bihari temple in Vrindavan of Mathura district, as devotees throng to offer prayers on the last day of the new year.
Yesterday, Mathura DM Chandra Prakash Singh said, "… I refute this rumour… pic.twitter.com/180CGggBNj
— ANI (@ANI) December 31, 2025
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही मंदिर में आने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या हादसा न हो।
गौरतलब है कि इससे पहले भारी भीड़ को देखते हुए श्री बांके बिहारी जी मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे नए साल के अवसर पर 29 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच मंदिर आने से परहेज करें। मंदिर समिति ने रविवार को जारी बयान में कहा था कि मंदिर और उसके आसपास अत्यधिक भीड़ के कारण कई तरह की परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं।
मंदिर प्रबंधन समिति ने यह भी कहा था कि यदि संभव हो तो श्रद्धालु इस अवधि के बाद वृंदावन आएं, ताकि सभी को सुचारु रूप से और सुरक्षित तरीके से दर्शन का लाभ मिल सके। हालांकि, इस अपील के बावजूद साल के अंतिम दिन भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, नियमों का पालन करें और भीड़ की स्थिति को देखते हुए यात्रा की योजना बनाएं, ताकि सभी को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन का अवसर मिल सके।.
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel