उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध रूप से बने ढाँचों पर कार्रवाई की है। यहाँ कब्जा कर बनाए गए 80 से अधिक ढाँचे गिरा दिए गए हैं। नेपाल सीमा में मदरसों पर भी कार्रवाई हुई है। योगी सरकार ने एक दर्जन से अधिक मदरसे सील कर दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई 25 अप्रैल, 2025 से 27 अप्रैल, 2025 के बीच की गई है। इसमें नेपाल से सीमा साझा करने वाले जिले बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और लखीमपुर खीरी में कार्रवाइयाँ की गई हैं। कई जगह अवैध रूप से बनाई गई मस्जिदों को चिन्हित भी किया गया है।
योगी सरकार ने श्रावस्ती जिले में बिना किसी अनुमति के चल रहे 17 मदरसे सील कर दिए हैं। यह मदरसे नेपाल से सटी जमुनहा और भिनगा तहसील में चल रहे थे। इनको चलाने वाले मुस्लिम कोई भी वैध अनुमति पूछे जाने पर नहीं दिखा पाए, इसके बाद प्रशासन ने इन पर ताला जड़ दिया।
वहीं बहराइच जिले में नेपाल सीमा के 10 किलोमीटर के इलाके में बनाए गए 89 अतिक्रमण हटाए गए हैं। इनमें से 63 पहले हटाए गए थे जबकि 26 को बाद में जमींदोज कर दिया गया। बहराइच में ऐसे और भी निर्माण चिन्हित किए जा रहे हैं, जिन पर आगे कार्रवाई हो सकती है।
इसके अलावा नेपाल से सीमा साझा करने वाले जिले सिद्धार्थनगर में भी प्रशासन ने 5 जगह मस्जिद-मदरसे का अवैध अतिक्रमण पाया है। उनको भी चिन्हित कर लिया गया है। महाराजगंज जिले में 19 अवैध कब्जे पाए गए हैं, जिनको खाली करने की कवायद चालू हो गई है।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले की सीमा भी नेपाल से सटती है। यहाँ भी 67 अवैध कब्जे हटाए जाने की कार्रवाई चल रही है। प्रशासन के डर के चलते कई लोग अपने कब्जे खुद हटा रहे हैं। लखीमपुर खीरी जिले में भी अवैध नमाज स्थल पर कार्रवाई की गई है।
लखीमपुर खीरी की पलिया तहसील में एक जगह पर अवैध रूप से नमाज पढ़वाई जा रही थी, यहाँ मस्जिद बनाने की तैयारी थी। इसे प्रशासन ने खाली करवा दिया है। लखीमपुर खीरी में और भी ऐसी जगहें पहचानी जा रही हैं, जहाँ अवैध कब्जा किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की नेपाल से सटने वाली सीमा पर ग्राउंड रिपोर्ट की थी और बताया था कि यहाँ कैसे इस्लाम अपने पैर फैला रहा और डेमोग्राफी भी तेजी से बदल रही है। इस ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया था कि मात्र बलरामपुर जिले में ही नेपाल सीमा पर 108 मदरसे और 150 मस्जिदें बन गई थीं।
यह भी सामने आया था कि नेपाल सीमा के इलाकों में बाहर से भी पैसा आया है। कई जगह पर मंदिरों की जमीन कब्जे की भी बात सामने आई थी। इसके बाद यूपी सरकार ने सीमाई इलाकों में एक्शन भी लिया था। यह एक्शन भी उसी कड़ी का हिस्सा है।