उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। शुक्रवार (8 मई 2026) को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय के अवैध हिस्से को गिरा दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, पड़ाव से गोधना बाईपास तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें यह निर्माण बाधा बन रहा था। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पहले ही इस क्षेत्र में अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगा दिए थे और नोटिस भी जारी किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही सपा कार्यालय पर बुलडोजर चलने की खबर फैली, पूर्व सांसद रामकिशुन सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई।
भीड़ बढ़ने के चलते पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और इसे राजनीतिक बताया।
300 से ज्यादा अतिक्रमणों पर कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक भेदभाव के तहत नहीं, बल्कि विकास कार्यों के लिए की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 300 से अधिक अवैध निर्माण—जिनमें दुकानें और मकान शामिल हैं—हटाए जा चुके हैं। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि सड़क चौड़ीकरण का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel