माली में एक बार फिर आतंकवाद ने भयावह रूप दिखाया है। पश्चिम अफ्रीकी देश के दो गांवों में हुए भीषण जिहादी हमलों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। यह हमला JNIM (जमाअत नुसरत अल-इस्लाम वल मुस्लिमीन) नामक आतंकी संगठन द्वारा किया गया, जो अल-कायदा से जुड़ा हुआ है।
आतंकियों ने कोरिकोरी और गोमोसोगो गांवों पर एक साथ हमला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने निहत्थे ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग की और उनके घरों को आग के हवाले कर दिया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हमला हाल के महीनों में हुए संगठित जिहादी हमलों में सबसे घातक माना जा रहा है। हमलावरों ने गांवों में लूटपाट भी की और फिर मौके से फरार हो गए।
इस हमले में स्थानीय रक्षा समूह के सदस्य, किशोर और बच्चे भी मारे गए हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। अधिकारियों ने इस हमले को “अमानवीय और कायरतापूर्ण कृत्य” बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
जवाबी कार्रवाई में माली की सेना ने करीब एक दर्जन आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है। हालांकि, इलाके में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
इस बीच आतंकियों ने बामाको की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को भी घेर लिया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel