उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत और ममता दोनों को शर्मसार कर दिया है। चौकी खंदारी बाजार क्षेत्र में रहने वाली महिला रोशनी खान ने अपने पांच साल की मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, रोशनी अपने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बीती रात जब उसका पति शाहरुख खान घर आया, तो दोनों के बीच जोरदार विवाद हुआ। इस झगड़े के बाद रोशनी ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी और फिर खुद पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर झूठी कहानी सुनाई कि उसके पति ने बेटी की हत्या कर दी है।

पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो रोशनी की पोल खुल गई। पता चला कि वह अपने पति से अलग रह रही थी और प्रेमी के साथ रह रही थी। पति के अचानक आने से वह बौखला गई और बेटी की हत्या कर दी ताकि पति को फंसा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और रोशनी को हिरासत में ले लिया है। लखनऊ वेस्ट के डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है। एक माँ ने अपने प्रेम संबंधों के चलते अपनी मासूम बेटी की बलि चढ़ा दी—यह घटना पूरे शहर को झकझोर कर रख देने वाली है।