पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर डैन रिवेरा की रहस्यमयी मौत
मशहूर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर डैन रिवेरा की मौत हो गई है। 54 वर्षीय रिवेरा न्यू इंग्लैंड सोसाइटी फॉर साइकिक रिसर्च (NESPR) के सीनियर लीड इन्वेस्टिगेटर थे और ‘हॉन्टेड’ मानी जाने वाली एनाबेले डॉल के टूर मैनेजर भी थे। वो रविवार, 13 जुलाई 2025 की रात अमेरिका के गेटीसबर्ग स्थित सोल्जर्स नेशनल ऑर्फनिज हाउस में आयोजित “Devils on the Run” टूर का हिस्सा थे। इसी दौरान वह होटल में अचानक बेहोश पाए गए और सीपीआर दिए जाने के बावजूद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डैन रिवेरा की रहस्यमयी मौत को लेकर कोई स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है और ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि इस घटना ने अलौकिक घटनाओं में विश्वास रखने वालों के बीच चर्चा तेज कर दी है, खासकर इस वजह से कि वह कुख्यात एनाबेले डॉल के साथ यात्रा कर रहे थे।

डैन रिवेरा और पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेशन
डैन रिवेरा अमेरिकी सेना के पूर्व जवान थे और पिछले एक दशक से भूत-प्रेत व अलौकिक घटनाओं की जांच में सक्रिय थे। वह ट्रैवल चैनल के “Most Haunted Places” और नेटफ्लिक्स के “28 Days Haunted” जैसे कई प्रसिद्ध शो में नजर आ चुके थे। बचपन से ही उन्हें रहस्यमयी और परामानवीय घटनाओं में गहरी रुचि थी।
एनाबेले डॉल और विवाद
एनाबेले डॉल एक रैगी एनी डॉल है जिसे 1968 में एक छात्रा को गिफ्ट किया गया था। इसके बाद उस छात्रा के आसपास अजीब घटनाएं घटने लगीं। इसके चलते एड और लोरेन वॉरेन जैसे मशहूर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर्स ने इसे ‘हॉन्टेड’ घोषित कर Occult Museum में बंद कर दिया। हाल के वर्षों में डॉल की जिम्मेदारी डैन रिवेरा संभाल रहे थे और वह इसे दुनिया भर के टूर में प्रदर्शित करते थे।
डॉल उस वक्त वैन में थी
रिवेरा की मौत के समय एनाबेले डॉल होटल में नहीं, बल्कि वैन में सुरक्षित रखी गई थी। यह जानकारी अडम्स काउंटी के सहायक कोरोनर ने दी है। हालांकि इस जानकारी के बावजूद डैन की अचानक हुई मौत ने अलौकिक ताकतों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिवेरा की मृत्यु न सिर्फ पैरानॉर्मल समुदाय के लिए एक गहरा झटका है, बल्कि उनकी मौत से जुड़े रहस्य ने एनाबेले डॉल की कहानियों को और भी ज्यादा भयावह बना दिया है।