Skip to content
Thursday, November 5, 2026 Ahmedabad 34°C

नूंह में हिंसा के संदिग्ध को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, इंटरनेट सर्विस बंद

नूंह में हिंसा के संदिग्ध को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, इंटरनेट सर्विस बंद

नूंह में जुलाई महीने में हुई हिंसा की घटना में शामिल एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया। यह घटना सिंगार गांव में उस समय हुई, जब क्राइम ब्रांच पुन्हाना यूनिट की टीम इरशाद नाम के संदिग्ध को गिरफ्तार करने गई थी।

महिलाओं ने किया पथराव

पुलिस के अनुसार इरशाद को बस स्टैंड से पकड़े जाने पर वहां मौजूद स्थानीय लोगों की क्राइम ब्रांच टीम के साथ बहस हो गई और वे इरशाद को छुड़ाकर गांव की ओर भाग गए। यूनिट ने महिला पुलिस कर्मियों सहित अतिरिक्त बल बुलाया और गांव में प्रवेश किया, जहां महिलाओं के एक समूह ने उन पर पत्थरों से हमला किया। हमले में उपनिरीक्षक विनीत और सिपाही अमर सिंह समेत तीन जवान घायल हो गये। हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

आठ लोग गिरफ्तार

अब तक पांच महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।लेकिन इरशाद फिलहाल फरार है। इस बीच, हिंदू समूह 28 अगस्त को ब्रजमंडल यात्रा फिर से शुरू करने पर अड़ा हुआ है, नूंह में शनिवार से 29 अगस्त तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह एक एहतियाती कदम है।

इंटरनेट सर्विस बंद

हरियाणा सरकार ने शनिवार को नूंह जिले में 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट और ‘बल्क एसएमएस’ सेवा को बंद करने का आदेश दिया जहां पिछले महीने सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। सरकार ने हिंदू संगठनों के एक बार फिर ‘शोभा यात्रा’ निकालने के आह्वान के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। सरकार ने सोमवार को आयोजित होने वाली यात्रा से पहले या इसके दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाए जाने की आशंका के चलते संबंधित आदेश जारी किया। आदेश शनिवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टीवीएसएन प्रसाद की ओर से जारी किया गया। हरियाणा सरकार ने पहले भी सांप्रदायिक हिंसा के बाद नूंह में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया था।

Filed under Haryana

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.