Skip to content
Thursday, November 5, 2026 Ahmedabad 34°C

छत्तीसगढ़ की हर योजना में भ्रष्टाचार, डिप्टी सीएम ने कहा था दिल्ली अन्याय नहीं करती… भूपेश बघेल सरकार पर पीएम मोदी का बड़ा हमला

छत्तीसगढ़ की हर योजना में भ्रष्टाचार, डिप्टी सीएम ने कहा था दिल्ली अन्याय नहीं करती… भूपेश बघेल सरकार पर पीएम मोदी का बड़ा हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर हैं. बिलासपुर में रोड शो करने के बाद पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघले सरकार पर जमकर हमला बोला है. पीएम मोदी ने कहा, छत्तीसगढ़ में परिवर्तन तय हो गया है. रैली में दिखने वाला उत्साह परिवर्तन का उद्घोष है. कांग्रेस सरकार के अत्याचारों से त्रस्त राज्य की जनता कह रही है अब नहीं सहेंगे और बदल के रहेंगे. पीएम ने कहा कि कांग्रेस न चाहते हुए भी महिला आरक्षण बिल का संसद में समर्थन किया था.

पीएम ने कहा कि मैं बिलासपुर बहुत बार आया हूं. संगठन का काम करता था तब भी मैं यहां आता था और पीएम बनने के बाद भी आपके बीच में आया हूं, लेकिन मैंने ऐसा उत्साह कभी नहीं देखा. वहीं, भूपेश बघेल सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, यहां रोजगार के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है. अटल जी ने छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं को समझते हुए इस प्रदेश का निर्माण किया था. ये बीजेपी ही है जिसने छत्तीसगढ़ के लोगों को समझा है.

छत्तीसगढ़ की सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बीजेपी केंद्र में हो या राज्य में पूरी तरह से समर्पित रही है. मैं आपको ये गारंटी देने के लिए आया हूं, आपके हर सपने को साकार करने के लिए मोदी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा. आप लिख लीजिए ये मोदी की गारंटी है आपका सपना मोदी का संकल्प है. राज्य के हर परिवार का सपना तभी साकार होगा जब यहां भी भाजपा सरकार होगी. दिल्ली से मैं जितनी कोशिश करू यहां की कांग्रेस सरकार उसको फेल करने जुटी हुई होती है.

डिप्टी सीएम के जरिए भूपेश बघेल पर हमला

उन्होंने कहा, पिछले पांच साल में छत्तीसगढ़ को केंद्र से हजारों करोड़ रुपए मिले हैं, हमने छत्तीसगढ़ के लिए आपके लिए पैसे की कोई कमी नहीं रखी है. ये बात यहां के उप-मुख्यमंत्री ने कहा था. अगर कांग्रेस सरकार के उपमुख्यमंत्री भरी सभा में कहते हैं कि दिल्ली कभी अन्याय नहीं करती है तो फिर हर एक खुशी होनी चाहिए लेकिन कांग्रेस पार्टी में उफान मच गया.

‘केंद्र एक रुपया भेजता है तो सौ का सौ पैसा पहुंचता है’

यहां के धान किसानों का दाना-दाना केंद्र की बीजेपी सरकार खरीदती है. छत्तीसगढ़ के किसानों का धान खरीदकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम दी है. मैं फिर विश्वास दिलाता हूं कि बीजेपी धान किसानों के लिए समर्पित है. इसलिए सरकार बनेगी तो किसानों का पूरा ध्यान रखा जाएगा. मोदी एक रुपया भेजता है तो सौ के सौ पैसे पहुंचते हैं. पीएम किसान सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में 28 हजार रुपए तक पहुंचे हैं.

हम 300 रुपए में एक बोरी यूरिया दे रहे: PM

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम किसानों को 300 रुपए में यूरिया की एक बोरी देते हैं जबकि दुनिया में उसकी कीमत 3000 के आसपास है. बीजेपी सरकार का प्रयास है कि गरीबों के जीवन में सुधार हो और स्तर में सुधार हो. जब मेरे देश के गरीबों का कल्याण होता है तो मेरा जीवन धन्य हो जाता है. हमने शौचालय बनाया तो लोगों की मुश्किलें कम हुई. हमने उज्जवला का मुफ्त कनेक्शन दिया तो गरीब परिवारों को धुएं से मुक्ति मिली. हाल ही में उज्जवला गैस सिलेंडर को 400 रुपए सस्ता किया गया है.

‘कांग्रेस ने मजबूरी में किया महिला आरक्षण बिल का समर्थन’

महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, बीजेपी सरकार ने इसका रास्ता साफ किया है, लेकिन खासकर माताओं-बहनों को बहुत सतर्क रहना होगा. यह बिल 30 साल से लटका हुआ था. कांग्रेस और इसके घमंडी साथियों को लग रहा है कि मोदी ने क्या कर दिया. उनको लगता है कि सारी माताएं-बहनें मोदी को ही आशीर्वाद देंगी. न चाहते हुए भी संसद में उनको बिल का समर्थन करना पड़ा.

बता दें कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत देश के पांच राज्यों में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं. वहीं, मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार है और शिवराज सिंह चौहान सरकार का नेतृत्व करते हैं. ऐसे में बीजेपी की छत्तीसगढ़ की गद्दी को पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. हालांकि, इन राज्यों में चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है.

 

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.