Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

UP: मेरठ में ब्लास्ट…धमाके से मलबा बना मकान; 4 की दर्दनाक मौत

UP: मेरठ में ब्लास्ट…धमाके से मलबा बना मकान; 4 की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया. धमाके की वजह से मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं मलबे में दबने से चार लोग जख्मी हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और बचाव में जुट गई. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है.

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि जिन चार लोगों की मौत हुई है, सभी पुरुष हैं. इनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि गोदाम में जो मजदूर काम कर रहे थे, वहीं हादसे का शिकार हुए हैं. प्रशासन उनके परिजनों का पता लगा रही है. जल्द ही शिनाख्त हो जाएगी. घटना मंगलवार सुबह की है.

जख्मी लोगों में बच्चे भी शामिल

डीएम ने कहा कि जिस मकान में हादसा हुआ है, वहां साबुन बनाया जा रहा था. हो सकता है कि कोई केमिकल से विस्फोट हुआ हो या गोदाम में जो मशीनें रखी गई थीं, उसी में किसी वजह से विस्फोट हुआ हो. इस हादसे में आसपास के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें कुछ राहगीर भी हैं. जख्मी लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जो कि खतरे से बाहर हैं.

दूर तक सुनाई दी धमाके की गूंज

धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी. इस हादसे को लेकर ऐसी भी चर्चा रही कि मकान के अंदर पटाखा रखा था और उसी में आग लगी. हालांकि, डीएम ने इस आशंका पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. प्रशासन अपने स्तर से जांच कर रहा है. जल्द ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.

मौके पर डीएम-एसपी पहुंचे

वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की एक टीम मौके पर तत्काल पहुंची.जिला अधिकारी दीपक मीणा, एसपी रोहित सजवान भी घटनास्थल पर पहुंचे. एक अधिकारी ने बताया कि मकान मालिक का पता चल गया है. उससे संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है. वहीं, इस हादसे में आसपास मौजूद घरों को भी कुछ नुकसान पहुंचा है.

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.