Skip to content
Wednesday, October 28, 2026 Ahmedabad 24°C

बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में फिर चौंकाया, पहली बार विधायक बने नेता को सौंपी पार्टी की कमान

बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में फिर चौंकाया, पहली बार विधायक बने नेता को सौंपी पार्टी की कमान

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार के अस्तित्व में आने के बाद संगठन में फेरबदल किए जा रहे हैं. विष्णु देव साय की अगुवाई में छत्तीसगढ़ सरकार में अरुण साव के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद बीजेपी ने एक बार फिर से चौंकाते हुए पार्टी प्रदेश की कमान पहली बार विधायक बने किरण सिंह देव को सौंप दी है.

अरुण साव के प्रदेश में उपमुख्यमंत्री बनने के बाद बीजेपी ने किरण सिंह देव को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. किरण देव जगदलपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं. किरण के पास संगठन में काम करने का खासा अनुभव है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले किरण सिंह बीजेपी में जिला अध्यक्ष, प्रदेश मंत्री और प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं. वह रियासत कालीन जमींदार परिवार से आते हैं.

जगदलपुर से चुने गए विधायक

महीने की शुरुआत में 3 दिसंबर को राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यहां पर बड़ी जीत के साथ फिर से सत्ता में वापसी की थी. किरण देव सिंह ने जगदलपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और उन्होंने चुनाव में कांग्रेस के जीतिन जायसवाल को हराया था. किरण सिंह को चुनाव में 90,336 वोट मिले जबकि जतीन के खाते में 60,502 वोट आए. किरण ने 29,834 मतों के अंतर से चुनाव जीत लिया.

बस्तर इलाके के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले किरण सिंह देव ने पहली बार चुनाव लड़ा था और उन्हें शानदार जीत मिली. जगदलपुर सीट पर इस बार का चुनाव बेहद खास रहा क्योंकि कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने ही पूर्व मेयर को चुनाव मैदान में उतारा था, जिसमें बीजेपी के उम्मीदवार को जीत मिली.

अरुण साव की जगह लेंगे

इससे पहले अरुण साव बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे, और 2019 के लोकसभा चुनाव में बिलासपुर से सांसद चुने गए थे. ओबीसी नेता अरुण साव मुंगेली के रहने वाले हैं. उन्होंने लोरमी विधानसभा सीट से चुनाव में जीत हासिल की थी. जीत हासिल करने के बाद उन्होंने लोकसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया था. प्रदेश में 13 दिसंबर को विष्णुदेव साय के रूप में नए मुख्यमंत्री ने पद की शपथ ली तो उनके साथ अरुण साव और विजय शर्मा भी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बने.

 

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.