Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 31°C

दूसरे चरण में बिहार की पांच सीटों पर चुनाव, इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला!

दूसरे चरण में बिहार की पांच सीटों पर चुनाव, इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला!

लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव का दौर शुरू हो चुका है. पहले चरण की वोटिंग समाप्त हो चुकी है. दूसरे फेज में बिहार के भागलपुर, बांका, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में चुनाव है. इनमें से सभी सीटों पर एनडीए की ओर से जेडीयू के कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं तो महागठबंधन से कांग्रेस के तीन उम्मीदवार ओर आरजेडी के दो उम्मीदवार हैं. दो सीटों पर कांग्रेस का जेडीयू से सीधा मुकाबला होगा. जबकि एक सीट पर जेडीयू का मुकाबला आरजेडी से होगा. वहीं दो सीटों पूर्णिया और किशनगंज पर मुकाबला त्रिकोणीय है.

भागलपुर में जेडीयू-कांग्रेस आमने-सामने

भागलपुर में जेडीयू के अजय मंडल का मुकाबला कांग्रेस के अजीत शर्मा से होगा. एनडीए ने भागलपुर सीट पर जेडीयू के मौजूदा सांसद अजय मंडल पर ही भरोसा जताया है. जबकि विपक्ष की ओर से कांग्रेस के अजीत शर्मा को टिकट दिया गया है. 40 साल बाद कांग्रसे फिर से यहां अपनी किस्मत अजमा रही है. भागलपुर से मुकाबला रोचक होने वाला है.

बांका में जेडीयू के मुकाबले में उतरेगी आरजेडी

बांका में जेडीयू के गिरधारी यादव का मुकाबला आरजेडी के जय प्रकाश यादव से होगा. 2009 से जयप्रकाश यादव लगाता यहां खड़े हो रहे हैं, लेकिन उन्हें जीत वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मिली. तब उन्होंने बीजेपी की पुतुल कुमारी को लगभग 10 हजार वोटों से हराया था. 2019 के लोकसभा में जेडीयू के गिरधारी यादव से ही जय प्रकाश यादव को हार का सामना करना पड़ा था. इस बार भी यहां कांटे की टक्कर होने के आसार हैं.

कटिहार में तारिक अनवर का सामना दुलाल चंद से

कटिहार में जेडीयू के दुलाल चंद गोस्वामी और कांग्रेस के तारिक अनवर आमने-सामने हैं. दुलाल गोस्वामी वर्तमान सांसद हैं. तारिक अनवर भी इसी सीट से पांच बार सांसद रह चुके हैं. पिछली बार दुलाल चंद के हाथों पराजय मिली थी इस बार फिर किस्मत अजमा रहे हैं. यहां का चुनावी मुकाबला भी काफी रोचक है. इसके अलावा कटिहार सीट पर बहुजन समाज पार्टी भारत जोड़ो जनता पार्टी, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया और राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में हैं.

पूर्णिया हॉट सीट पर होगा त्रिकोणीय मुकाबला

पूर्णिया और किशनगंज में त्रिकोणीय मुकाबला है. पूर्णिया में जेडीयू के संतोष कुशवाहा और आरजेडी की बीमा भारती के साथ पप्पू यादव की टक्कर है. पप्पू यादव निर्दलीय लड़ रहे हैं, जबकि आरजेडी पहली बार इस सीट पर जेडीयू से आई बीमा भारती को आगे करके मैदान में डटा है. भागलपुर की रैली से राहुल गांधी ने बीमा भारती के लिए वोट देने की अपील भी की है. पूर्णिया सीट पप्पू यादव और आरजेडी के बीच नाराजगी के कारण काफी चर्चा में हैं. यहां उम्मीदवारों की नाक का सवाल है. यही वजह है कि तेजस्वी यादव इस सीट पर जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं.

किशनगंज में भिड़ेंगे तीन मुस्लिम कैंडिडेट

किशनगंज में कांग्रेस के मोहम्मद जावेद का मुकाबला जेडीयू मुजाहिद आलम और एआईएमआईएम उम्मीदवार अख्तरुल ईमान से है. यहां भी त्रिकोणीय मुकाबला है. यहां एआईएमआईएम के प्रत्याशी अख्तरुल ईमान भी मैदान में हैं, जिनके लिए सांसद असद्दुदीन ओवैसी जमकर रैली कर रहे हैं. 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के मोहम्मद जावेद को यहां जीत मिली थी जबकि एआईएमआईएम के अख्तरुल ईमान हार गए थे. इस बार उन्होंने जीत का दावा किया है, क्योंकि इससे पहले विधानसभा में एआईएमआईएम बिहार की पांच सीटें जीत चुकी है और उसे लोकसभा में भी जनता से पूरी उम्मीद है.

 

Filed under Bihar

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.