Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

सीएम योगी बोले, ट्रेनिंग में पुलिस का जितना अधिक पसीना बहेगा, सेवाकाल में उतना ही कम बहेगा खून

सीएम योगी बोले, ट्रेनिंग में पुलिस का जितना अधिक पसीना बहेगा, सेवाकाल में उतना ही कम बहेगा खून

उत्तर प्रदेश पुलिस को 74 नए डिप्टी एसपी मिल गए हैं। इनमें 18 बेटियां भी हैं, जो वर्दी की शान बढ़ाती नजर आएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद प्रशिक्षण अकादमी में इन सभी अफसरों को शपथ दिलाते हुए कहा कि ट्रेनिंग में पुलिस का जितना ज्यादा पसीना बहेगा, आगे ड्यूटी के दौरान उतना ही कम खून बहाने की नौबत आएगी।

सीएम योगी ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली और अकादमी के टॉपर प्रखर पांडेय को तलवार भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अफसरों को कर्तव्य निर्वहन से जुड़े कई अहम टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस को मिले 74 डिप्टी एसपी में 18 बेटियां भी शामिल हैं। पुलिस सेवा में चुनौतियां हमेशा सामने रहती हैं। पुलिस बल को हर घड़ी मुकाबले के लिए तैयार खड़े रहना पड़ता है और कर्तव्य पथ पर खुद को समर्पित करना होता है।

मुख्यमंत्री ने पिछले सात साल से यूपी दंगा मुक्त है। सभी पर्व त्यौहार शांति से संपन्न हो रहे हैं। यूपी को आज उसके सुशासन मॉडल के रूप में पहचान मिल रही है, इसके पीछे हमारे बहादुर जवानों की निष्ठा ही है। पुलिस की कर्तव्य निष्ठा ही किसी भी पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लाती है। उन्होंने कहा कि यूपी में महिला पीएसी बटालियन की स्थापना पर तेजी से काम चल रहा है। यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन से चयनित होने के बाद आज 18 बेटियां भी डिप्टी एसपी बनी हैं, इसके लिए वह सभी घरवालों का अभिनंदन करते हैं। पूरा विश्वास हैं कि पुलिस सेवा में आईं बेटियां जनसेवा के लिए हमेशा निष्ठावान रहेंगी।

सीएम योगी बोले कि प्रधानमंत्री जी ने स्मार्ट पुलिसिंग की अवधारणा दी है। स्मार्ट पुलिसिंग जितनी सख्त हो, उतनी ही संवेदनशील भी। पुलिस मार्डन हो और उतनी ही गति भी रखती हो। यूपी में नई भर्ती के लिए संसाधनों में अपार व्यवस्था की गई है। कुछ ही साल में राज्य के अंदर 1.60 लाख कर्मियों की भर्ती की गई है। अभी हाल में पुलिस में 60 हजार पदों के लिए भर्ती परीक्षा संपन्न हुई है। यूपी पुलिस का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। किसी भी प्रदेश में सुशासन की नींव कानून व्यवस्था से ही मजबूत होती है और यह तभी संभव है कि पुलिसिंग व्यवस्था सुदृण हो। हमारी सरकार की यही सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हैं। सरकार पुलिस रिफॉर्म की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दीधारी जवानों के लिए एक बात कही जाती है कि ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, सेवाकाल में उतना ही कम रक्त बहाने की नौबत आएगी। पुलिस का हिस्सा बने 74 नए डिप्टी एसपी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आपकी सफलता के लिए माता-पिता, अभिभावक, मित्र-सहयोगियों के साथ अकादमी के प्रशिक्षकों का योगदान भी सराहनीय है। 1 साल 15 दिन का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल का हिस्सा बने अफसरों को सीएम योगी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.