Skip to content
Tuesday, October 27, 2026 Ahmedabad 35°C

तिरुपति लड्डू विवाद की जांच के लिए राज्य सरकार ने गठित की 9 सदस्यों की कमेटी

तिरुपति लड्डू विवाद की जांच के लिए राज्य सरकार ने गठित की 9 सदस्यों की कमेटी

आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के प्रसाद में जानवरों की चर्बी मिलाने का विवाद बढ़ता जा रहा है. अब इस मामले की जांच करने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है. लड्डू और अन्न प्रसादम में मिलावटी घी के इस्तेमाल की जांच के लिए 9 सदस्यीय की एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है. इस टीम का नेतृत्व गुंटूर रेंज के आईजीपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी करेंगे.

प्रसाद को लेकर की जा रही इस जांच में गठित की गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की कमान आईजीपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी संभालेंगे, तो साथ ही इस टीम में 8 और सदस्य शामिल होंगे. विशाखापत्तनम रेंज के उप महानिरीक्षक डीआईजी गोपीनाथ जेट्टी, कडप्पा के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्द्धन राजू, वेंकट राव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जी. सीताराम राव, उप पुलिस अधीक्षक, जे. शिवनारायण स्वामी, टी. सत्यनारायण, इंस्पेक्टर, के. उमामहेश्वर, एम. सूर्यनारायण इस टीम में शामिल है.

सुप्रीम कोर्ट में याचिका की थी दायर

इससे पहले इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. सुरजीत यादव नाम के शख्श ने याचिका में मांग की थी कि कोर्ट केंद्र सरकार को इस मामले की जांच के लिए SIT गठन करने का निर्देश दे. याचिकाकर्ता ने कहा कि आस्था से खिलवाड़ करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो. हालांकि अब जांच समिति का गठन कर लिया गया है.

प्रसाद पर छिड़ी सियासत

मंदिर के पवित्र प्रसाद में मिलावट की खबर सामने आने के बाद इस पर जमकर सियासत हो रही है. इसी के चलते अब मामले की जांच के लिए sit का गठन कर लिया गया है. इस विवाद को लेकर आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने हाल ही में कहा था, पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी को अपना बचाव करने की कोई जरूरत नहीं है.

उन्हें इस मामले के दोषियों को सजा देने के लिए सिस्टम और प्रशासन को अपना काम करने देना चाहिए. इस विवाद के बीच राज्य के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि तिरुपति लड्डुओं में जानवर की चर्बी की मिलावट के आरोपों के बाद सरकार कोई भी कदम उठाने से पहले संतों, पुजारियों और हिंदू धर्म के अन्य शीर्ष विशेषज्ञों से बातचीत करेगी और उनकी राय लेगी.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस विवाद को लेकर कहा, यह सिर्फ घोटाला नहीं बल्कि हिंदू धर्म को नष्ट करने की साजिश भी है. उन्होंने इस मामले को साजिश करार देते हुए वाईएसआर कांग्रेस पर आरोप लगाया और सवाल उठाया, साथ ही कहा, वाईएसआर कांग्रेस इस साजिश में शामिल है.

 

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.