पंजाब के पठानकोट जिले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी भारतीय सेना की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए नेशनल हाईवे-44 (सुजानपुर क्षेत्र) के पास कई CCTV कैमरे लगवा रहा था।
CCTV कैमरों से सेना पर नजर रखने का आरोप
जांच में सामने आया है कि इन कैमरों के जरिए सेना के काफिलों और अर्धसैनिक बलों की आवाजाही की लाइव फीड रिकॉर्ड की जा रही थी। आरोप है कि यह संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान और विदेश में बैठे हैंडलर्स तक भेजी जा रही थी।
दुबई कनेक्शन और पैसों का लेनदेन
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दुबई में बैठे एक व्यक्ति के संपर्क में था और उसे इस काम के लिए करीब 40,000 रुपये मिले थे। वही उसे इस नेटवर्क के लिए निर्देश देता था।
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम ने इस पूरे जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पुल नंबर 4 और 5 के बीच स्थित दुकानों पर भी कैमरे लगाए गए थे ताकि निगरानी और आसान हो सके।
अन्य आरोपित भी नामजद
इस मामले में तीन अन्य लोगों — विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्का, बलविंदर सिंह उर्फ विक्की और तरणप्रीत सिंह उर्फ टन्नू — को भी नामजद किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और उसके पाकिस्तान कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel